बिहार में टूटी दहेज की दीवार, मोहब्बत ने जीत ली जंग, मंदिर में सादगी से रची शादी, गांववालों की आंखें हो गईं नम
Bihar Emotional Story: “अगर इस बार शादी नहीं हुई, तो मैं अपनी जिंदगी खत्म कर लूंगी…” यह सुनते ही लड़के के दिल में जैसे तूफान उठ खड़ा हुआ। और...
Bihar Emotional Story: कभी-कभी जिंदगी ऐसी हकीकत सामने रख देती है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती, मगर उसके एहसास इतने सच्चे होते हैं कि दिल की गहराइयों तक उतर जाते हैं। बिहार के शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड के देवपुरी गांव से आई यह दास्तान सिर्फ एक शादी की नहीं, बल्कि मोहब्बत, जज़्बात और इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल बन गई है।
एक गरीब घर की बेटी, जिसके सिर से मां-बाप का साया पहले ही उठ चुका था, अपने भाई के सहारे जिंदगी की इस अहम मंजिल तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी। बड़ा भाई, जो खुद मजदूरी कर किसी तरह घर का चूल्हा जलाता था, बहन के शादी के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था। हर पसीने की बूंद में उसकी बहन की खुशियों का ख्वाब शामिल था। किसी तरह उसने 40,000 रूपए का इंतजाम किया, मगर तय 70,000 रूपए पूरे न हो सके।दहेज की इस बेरहम दीवार ने रिश्ते को बार-बार रोका। लड़के वालों की तरफ से तारीख पर तारीख मिलती रही, और हर बार उम्मीद का एक चिराग बुझता चला गया। उस बहन की आंखों में बस एक ही खौफ था कहीं उसका घर बसने से पहले ही उजड़ न जाए।
आखिरकार, हालात से टूटी उस लड़की ने अपने होने वाले हमसफर को फोन किया। उसकी आवाज कांप रही थी, लफ्ज़ बिखर रहे थे-“अगर इस बार शादी नहीं हुई, तो मैं अपनी जिंदगी खत्म कर लूंगी…” यह सुनते ही उस लड़के के दिल में जैसे तूफान उठ खड़ा हुआ। मोहब्बत ने समाज की सारी बंदिशों को तोड़ दिया।
वह बिना किसी तामझाम, बिना बैंड-बाजे और बिना बारात के सीधे लड़की के घर पहुंच गया। उसके अल्फाज़ ने सबको खामोश कर दिया “मुझे दहेज नहीं चाहिए, मुझे सिर्फ तुम्हारी बहन चाहिए।” उस पल जैसे इंसानियत ने जीत का झंडा लहरा दिया।
गांव के भगवती स्थान मंदिर में, मां भगवती को गवाह मानकर दोनों ने सात फेरे लिए। न कोई शोर, न दिखावा बस सच्ची मोहब्बत और सादगी की चमक। उस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं, दिल दुआओं से भरे हुए थे।गांव वालों ने इस कदम को सलाम किया, उस बेटे की तारीफ में कसीदे पढ़े। किसी ने कहा अगर हर घर में ऐसा बेटा हो, तो गरीब की बेटी कभी बोझ नहीं कहलाएगी।
यह दास्तान समाज के लिए एक आईना है जो दिखाती है कि अगर नीयत पाक हो और दिल में सच्ची मोहब्बत हो, तो दहेज जैसी कुरीति की जड़ें खुद-ब-खुद हिल जाती हैं। यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक इंकलाब है जो आने वाली नस्लों को नई सोच और नई राह दिखाएगा।
रिपोर्ट- उमेश कुमार