Bihar Diwas 2026 : शिवहर में बिहार दिवस की मची धूम, समाहरणालय मैदान में उतरा बिहार का गौरव, 'प्रभात फेरी' से हुई दिन की शुरुआत
SHEOHAR : बिहार दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय मैदान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लेकर राज्य की गौरवशाली परंपरा को याद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद लवली आनंद विधायक डा.श्वेता गुप्ता, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी तथा पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद लवली आनंद ने कहा कि बिहार का इतिहास अत्यंत प्राचीन, समृद्ध एवं गौरवशाली रहा है। प्राचीन काल में यह प्रदेश ज्ञान, आध्यात्म एवं शक्ति का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि मगध, मौर्य एवं गुप्त साम्राज्यों की यह भूमि विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। वहीं विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि बिहार ने शिक्षा, संस्कृति एवं राजनीति के क्षेत्र में देश को दिशा देने का कार्य किया है। नालंदा एवं विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों ने विश्वभर में ज्ञान का प्रकाश फैलाया। पाटलिपुत्र लंबे समय तक साम्राज्यों की राजधानी रहा।
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि बिहार शिक्षा एवं ज्ञान की भूमि रही है, जहां देश-विदेश से छात्र अध्ययन के लिए आते थे। उन्होंने भगवान बुद्ध एवं भगवान महावीर की इस धरती को गौरवशाली बताया। साथ है डीएम ने कहा कि शिवहर जिला लगातार विकास के पथ पर अवसर है और सभी के साथ मिलकर शिवहर जिला का विकास हो रहा है। सुबह में स्कूली बच्चों के साथ डीएम एसपी ने प्रभात फेरी निकाली। समाहरणालय मैदान में कई स्टाल लगाए गए हैं। जहां बेहतर ढंग से जिले के कार्यों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में एडीएम मेधावी, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल, एसडीपीओ सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।
शिवहर से मनोज कुमार की रिपोर्ट