DM के जज्बे ने बदली तस्वीर! बेलवा-देवापुर सड़क का निर्माण शुरु, 45 मिनट का सफर 10 मिनट में सिमटा , दशक भर का इंतजार खत्म
Bihar News: शिवहर में प्रशासनिक इच्छाशक्ति और बेहतर समन्वय की मिसाल पेश करते हुए वर्षों से अधर में लटका बेलवा-देवापुर तटबंध सड़क निर्माण अब अंतिम दौर में पहुंच गया है।
Bihar News: शिवहर में प्रशासनिक इच्छाशक्ति और बेहतर समन्वय की मिसाल पेश करते हुए वर्षों से अधर में लटका बेलवा-देवापुर तटबंध सड़क निर्माण अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। करीब दस वर्षों से बदहाल सड़क, गड्ढों और उड़ती धूल से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। सड़क बनने के बाद जहां पहले बेलवा से देवापुर तक पहुंचने में करीब 45 मिनट लगते थे, वहीं अब यही सफर महज 10 मिनट में पूरा होने लगा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बताया जाता है कि शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए पहले शिवहर सीमा तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा कराया। इसके बाद मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले की सीमा से जुड़े हिस्से के निर्माण के लिए वहां के प्रशासन से समन्वय स्थापित किया। दोनों जिलों के बीच तालमेल बनने के बाद निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू हुआ और अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है।
दरअसल, वर्ष 2021 में तत्कालीन जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह की पहल पर बेलवा तक सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन उसके बाद बेलवा से देवापुर के बीच करीब तीन किलोमीटर का हिस्सा वर्षों तक बदहाल पड़ा रहा। यह टूटा हुआ हिस्सा पूरे मार्ग पर एक ऐसे दाग की तरह था, जहां गड्ढों, धूल और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई यात्री इस रास्ते से बचने के लिए लंबा चक्कर लगाने को मजबूर थे।
अब सड़क निर्माण पूरा होने के बाद शिवहर से मोतिहारी तक की यात्रा पहले से कहीं अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। लोगों का कहना है कि यह सड़क केवल दूरी कम नहीं कर रही, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवागमन को भी नई रफ्तार देगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस विकास कार्य से पूरे इलाके की तस्वीर बदलेगी और वर्षों से चली आ रही आवाजाही की परेशानी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
रिपोर्ट- मनोज कुमार