शिवहर में भीषण अग्निकांड : सिलेंडर ब्लास्ट से कई परिवारों के आशियाने राख, 6 लोग झुलसे
शिवहर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां भीषण आगलगी की घटना में 8घर जलकर राख हो गए है। वहीं घटना में 6 लोग गंभीर रुप से झुलस गए है। जिन्हें इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है....
Sheohar : जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत तरियानी छपड़ा डोडा टोला (वार्ड संख्या-12) में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच घर में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर विस्फोट के बाद आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास के कई और घर इसकी चपेट में आ गए, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
आठ घर जलकर खाक, छह लोग हुए गंभीर रूप से जख्मी
इस भीषण अग्निकांड में कुल आठ घर जलकर पूरी तरह राख हो गए हैं। हादसे में उमेश दास, प्रेम दास, संतोष दास, पवन दास, विंदा दास और निमिन्दर दास सहित कई गरीब परिवारों की पूरी गृहस्थी पल भर में राख हो गई। घरों में रखे कपड़े, अनाज, नकदी और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। वहीं, आग की चपेट में आने से छह लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
दमकल की चार गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की भयावहता और फैलती लपटों को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। मौके पर एक-एक कर चार दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर काफी कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते सक्रियता दिखाने के कारण आसपास के अन्य दर्जनों घरों को जलने से बचा लिया गया।
एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अविनाश कुणाल प्रशासनिक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि हादसे में कुल छह लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं अन्य चार लोगों के शरीर करीब 25 से 28 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। सभी घायलों को बेहतर और आपातकालीन इलाज के लिए तत्काल एसकेएमसीएच (SKMCH) मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है।
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा
प्रशासनिक मुस्तैदी की जानकारी देते हुए एसडीएम ने कहा कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को सक्रिय कर राहत कार्य शुरू करा दिया गया था। उन्होंने प्रभावित परिवारों को ढाढस बंधाते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस संकट की घड़ी में उनके साथ है। संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल का सर्वे कर नुकसान का सटीक आकलन करने और सरकारी प्रावधानों के तहत जल्द से जल्द राहत राशि व अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया गया है।
मनोज कुमार सिंह की रिपोर्ट