Bihar News : शिवहर में चचेरे भाइयों के विवाद में अधेड़ की हत्या, तीन महिलाओं समेत 7 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : पुलिस ने अधेड़ की हत्या में शामिल तीन महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है......पढ़िए आगे

हत्या मामले में कार्रवाई - फोटो : MANOJ

SHEOHAR : जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नया टोला में दो चचेरे भाइयों के बीच हुए मामूली विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए खून के धब्बों से सने दो बांस की लाठियां, एक लोहे का फरसा और एक डंडा भी बरामद कर लिया है।

शिवहर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने एसडीपीओ अनुशील कुमार एवं फतेहपुर थानाध्यक्ष राधेश्याम की मौजूदगी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि बीते 4 जुलाई को नया टोला में दो चचेरे भाइयों के बीच जलावन उठाने को लेकर हिंसक विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेजा।

प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार, घायलों में शामिल उपेंद्र सहनी की हालत बेहद गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर किया गया था। लेकिन, दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, शिवहर में कराया और परिजनों को सौंप दिया। इस हिंसक झड़प को लेकर दोनों पक्षों की ओर से थाने में मामले दर्ज कराए गए हैं। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी बिगन देवी के फर्दबयान और दूसरे पक्ष से मंगरी देवी के फर्दबयान के आधार पर फतेहपुर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए मामले के नामजद आरोपियों—हरीकिशोर सहनी, चंद्र किशोर सहनी, शिवनाथ सहनी, मंगरी देवी, रूबी देवी, चुनचुन सहनी और रंजू देवी को धर-दबोचा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना पूरी तरह से दो चचेरे भाइयों के बीच का आपसी विवाद है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर कानून के मुताबिक निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और मामले के अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच अभी जारी है।

मनोज की रिपोर्ट