Bihar News : शिवहर में कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, रथ का ब्रेक फेल होने से एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु हुए जख्मी, डीएम ने दिया त्वरित इलाज का निर्देश
Bihar News : शिवहर में कलश शोभा यात्रा लौटते समय ढलान से रथ के लुढक जाने के कारण एक दर्जन से अधिक लोग इसके चपेट में आने से घायल हो गए हैं....पढ़िए आगे
SHEOHAR : शहर के नवाब हाई स्कूल के पास चिकनौटा जाने वाली सड़क के ढलान पर रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, चिकनौता द्वारा निकाली गई कलश शोभा यात्रा से लौटते समय जलबोझी कर आ रहे श्रद्धालुओं से भरा रथ अचानक ढलान पर अनियंत्रित होकर लुढ़क गया। इस घटना में सड़क पर चल रहे एक दर्जन से अधिक लोग रथ की चपेट में आने से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
सड़क ढलान पर ब्रेक फेल होने से बिगड़ा संतुलन
बताया जाता है कि नवयुवक दुर्गा पूजा समिति चिकनौता के बैनर तले बड़ी संख्या में कुमारी कन्याएं एवं भक्तजन जलबोझी कर भक्तिभाव के साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही शोभायात्रा नवाब हाई स्कूल के समीप चिकनौता जाने वाली सड़क की ढलान पर पहुंची, अचानक रथ का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होते ही रथ ढलान पर तेजी से नीचे की ओर लुढ़कने लगा, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दर्जनों लोग इसकी चपेट में आ गए।
एक श्रद्धालु का पैर टूटा, सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। हादसे में रूपलाल महतो नामक एक श्रद्धालु का पैर टूट गया है, जिनका इलाज विशेष निगरानी में किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से सभी घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया है।
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को तुरंत सदर अस्पताल रवाना किया। जिलाधिकारी ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कलश यात्रा के दौरान रथ का संतुलन बिगड़ने से कुछ लोग जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में तत्परता से किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जल्द ही घर भेज दिया जाएगा।
प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में, घायलों की हालत स्थिर
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई किए जाने से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। गंभीर रूप से घायल रूपलाल महतो के दोनों पैरों में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों की टीम उनके समुचित इलाज में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में दुर्गा पूजा समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यवस्था को पुनः सामान्य कर लिया गया है तथा घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया जा रहा है।
मनोज की रिपोर्ट