Bihar News : शिवहर में डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हथियार और जिन्दा कारतूस किया बरामद
Bihar News : शिवहर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे
SHEOHAR : जिले में डकैती की योजना बना रहे अपराधियों के खिलाफ शिवहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बुधवार को शिवहर थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम हरनाही स्थित शेरहा गाछी (बगिया) में डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए एक गिरोह एकत्रित हुआ है।
सूचना के सत्यापन के बाद जिला आसूचना इकाई की टीम, एसटीएफ तथा शिवहर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से उक्त स्थान की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस की तत्परता से कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने कहा की इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय सहनी (तरियानी चौक वृंदावन), हंसराज कुमार (सोहरा अदलपुर कुंडल), दीपक पासवान (माधोपुर छत्ता) तथा दिलीप मांझी (रसीदपुर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन अपराधी जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में भी शामिल रहे हैं और उनका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन (घटना में प्रयुक्त) तथा 10,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस मामले में शिवहर थाना में कांड संख्या 102/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
शिवहर से मनोज कुमार