Bihar News : प्रशांत किशोर का शराबबंदी पर बड़ा हमला, कहा- 'बिहार में फर्जी है यह कानून, दम है तो भाजपा शासित राज्यों में लागू कर दिखाएं'

Bihar News : जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शराबबंदी को लेकर बड़ा हमला किया है. उन्होंने शराबबंदी कानून को फर्जी बताया है......पढ़िए आगे

शराबबंदी कानून फर्जी - फोटो : MANOJ

SHEOHAR : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शिवहर दौरे के दौरान बिहार सरकार की शराबबंदी नीति पर तीखा प्रहार किया है। कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने शराबबंदी को एक 'फर्जी कानून' करार दिया। किशोर ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार को लगता है कि इस कानून से वाकई महिलाओं और आम लोगों को फायदा हो रहा है, तो इसे भाजपा शासित अन्य राज्यों में भी लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में शराबबंदी के नाम पर केवल भ्रष्टाचार हो रहा है और जनता को ठगा जा रहा है।

प्रशांत किशोर ने जन सुराज के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके अभियान के दबाव के कारण ही आज बिहार में पेंशन में बढ़ोतरी और महिलाओं को दस हजार रुपये मिलने जैसी योजनाएं चर्चा में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार से शराबबंदी का खात्मा भी निश्चित रूप से जन सुराज के कारण ही होगा। पलायन के मुद्दे पर नेताओं को घेरते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का युवा मात्र 10 हजार की नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में दर-दर भटक रहा है, जबकि यहां के नेताओं के बेटे सीधे सांसद और मंत्री बन रहे हैं।

हालिया चुनाव परिणामों पर आत्ममंथन करते हुए प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं से कहा, "हम चुनाव हार गए हैं, लेकिन हमने किसी को ठगा नहीं है।" उन्होंने स्वीकार किया कि चुनाव प्रक्रिया में हार-जीत एक स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन वे यह समझने के लिए प्रत्येक जिले का दौरा कर रहे हैं कि संगठन से कहां चूक हुई। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के विचार और सुझाव सुने और स्पष्ट किया कि बिहार के नवनिर्माण के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

भविष्य की रणनीति का खुलासा करते हुए प्रशांत किशोर ने घोषणा की कि जन सुराज अब पंचायत स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला परिषद, मुखिया और सरपंच जैसे स्थानीय चुनाव पार्टी स्तर पर लड़े जाएंगे। इससे न केवल संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत होगा, बल्कि पार्टी के कैडर को भी विस्तार मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बदलाव की इस लड़ाई में संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ा हथियार साबित होगी।

शिवहर में आयोजित इस 'बिहार नवनिर्माण अभियान' की बैठक में जिले भर के प्रमुख कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। इस दौरान शिवहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नीरज सिंह और बेलसंड की पूर्व प्रत्याशी सह मुखिया अर्पणा सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रशांत किशोर के इस दौरे ने न केवल शिवहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है, बल्कि आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार भी किया है।

मनोज की रिपोर्ट