Bihar News: शिवहर में DM प्रतिभा रानी का नो इफ-बट अंदाज, शिविर में ऑन द स्पॉट फैसला,अफसरों की दलीलों को किया दरकिनार
Bihar News: अधिकारियों के बीच अक्सर सुनाई देने वाले ‘इफ-बट’ और कागजी पेचीदगियों को किनारे करते हुए डीएम प्रतिभा रानी ने ‘नो इफ, नो बट—फैसला ऑन द स्पॉट’ की तर्ज पर काम किया।
Bihar News: शिवहर में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की कार्यशैली एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। अधिकारियों के बीच अक्सर सुनाई देने वाले ‘इफ-बट’ और कागजी पेचीदगियों को किनारे करते हुए डीएम ने ‘नो इफ, नो बट—फैसला ऑन द स्पॉट’ की तर्ज पर काम किया। मौका था शिवहर प्रखंड की ताजपुर पंचायत में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का, जहां डीएम ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का तत्काल निष्पादन कराया।शिविर में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के साथ पुलिस अधीक्षक ने भी शिरकत की। प्रशासनिक अमले को अपने बीच देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी फरियाद और आवेदन लेकर पहुंचे। डीएम ने एक-एक मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। अधिकारियों की तत्परता से कई आवेदनों का उसी दिन निपटारा कर दिया गया।
बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र पर तत्काल फैसला
सहयोग शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसी दौरान छोटे बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों को डीएम ने गंभीरता से लिया। संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुकों को मौके पर ही जन्म प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया। डीएम प्रतिभा रानी ने खुद अपने हाथों से लाभुकों को प्रमाणपत्र सौंपे। यस बाबू, जिनकी माता का नाम आरती कुमारी है, और अंकित कुमार, माता आरती कुमारी, को जन्म प्रमाणपत्र दिया गया। प्रमाणपत्र मिलने के बाद परिजनों के चेहरे पर संतोष साफ दिखाई दिया।
शौचालय योजना में भी नहीं चली बहानेबाजी
शिविर में शौचालय योजना से जुड़े मामलों का भी तत्काल निष्पादन कराया गया। लाभुकों को योजना के तहत प्रमाणपत्र/स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इनमें जूही कुमारी, पति राकेश कुमार, और परिमल साह, पिता कपिल साह शामिल हैं। डीएम के हाथों स्वीकृति पत्र मिलने के बाद लाभुकों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्यशैली की सराहना की। आम तौर पर सरकारी दफ्तरों में किसी छोटे काम के लिए भी लोगों को आवेदन, जांच और स्वीकृति की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। ऐसे में एक ही जगह पर समस्या सुनकर उसका समाधान मिलना ग्रामीणों के लिए राहत भरा रहा।
कभी सड़क की मापी, कभी पोखर की जांच; अब शिविर में दिखा नया अंदाज
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी अपने काम करने के अलग अंदाज को लेकर पहले भी चर्चा में रही हैं। कभी सड़क की मापी तो कभी पोखर की जांच के लिए मौके पर पहुंचने वाली डीएम का सहयोग शिविर में भी यही तेवर नजर आया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जहां नियमानुसार तत्काल समाधान संभव है, वहां अनावश्यक ‘इफ-बट’ और टालमटोल नहीं चलेगी।शिविर में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। डीएम के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मामलों की जांच और कार्रवाई में तेजी दिखाई। कई मामलों का उसी दिन निपटारा होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा। लोगों के बीच चर्चा रही कि अगर सरकारी तंत्र इसी तरह मौके पर सुनवाई और ऑन द स्पॉट फैसला करे तो छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
रिपोर्ट- मनोज कुमार सिंह