शिवहर को मिली उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात, 15 जुलाई से तीन नए डिग्री कॉलेजों का होगा शुभारंभ, DM प्रतिभा रानी ने पूरी की तैयारी

Bihar News: लंबे इंतजार के बाद शिवहर जिले के छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। 15 जुलाई से जिले के तीन नए डिग्री कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है।

शिवहर को मिली उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात- फोटो : reporter

Sheohar: लंबे इंतजार के बाद शिवहर जिले के छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। 15 जुलाई से जिले के तीन नए डिग्री कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की पहल और लगातार मॉनिटरिंग के बाद उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में इन शिक्षण संस्थानों का उद्घाटन करेंगे। यह पहल पूरे बिहार में एक साथ शुरू हो रहे 211 नए डिग्री कॉलेजों के अभियान का हिस्सा है।

शिवहर जिले के पिपराही, डुमरी कटसरी और पूरनहिया प्रखंड में नए डिग्री कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं। पिपराही प्रखंड में मध्य विद्यालय शीतलपट्टी परिसर, डुमरी कटसरी प्रखंड में उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलकाहां परिसर तथा पूरनहिया प्रखंड में उच्च माध्यमिक विद्यालय बाराही जगदीश परिसर में इन कॉलेजों की शुरुआत होगी।जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने बताया कि तीनों कॉलेजों में उद्घाटन और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक 32 विद्यार्थियों ने नामांकन करा लिया है और आने वाले दिनों में इस संख्या में तेजी से बढ़ोतरी की उम्मीद है।

उन्होंने जिले के युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से 15 जुलाई को आयोजित उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। डीएम ने कहा कि जिले में ही डिग्री कॉलेज खुलने से अब छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक दोनों स्तर पर राहत मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

जिलाधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द नामांकन कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो विद्यार्थियों और अभिभावकों को नामांकन प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएंगे। नए डिग्री कॉलेजों के संचालन से शिवहर में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार