Bihar News: अब बदलेगा शिवहर का मिज़ाज! डीएम प्रतिभा रानी का बड़ा प्रशासनिक दांव, किया 53 पंचायतों में नोडल अफसर तैनात

Bihar News: शिवहर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने विकास योजनाओं को काग़ज़ से ज़मीन तक पहुंचाने के लिए सभी 53 पंचायतों में एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित कर दिए हैं।

अब बदलेगा शिवहर का मिज़ाज!- फोटो : reporter

Bihar News: शिवहर के गांवों की तकदीर संवारने के लिए जिला प्रशासन ने सख़्त और सुनियोजित पहल की है। जिलाधिकारी प्रतिभा  रानी ने विकास योजनाओं को काग़ज़ से ज़मीन तक पहुंचाने के लिए सभी 53 पंचायतों में एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित कर दिए हैं। सियासत-ए-विकास के इस नए फ़ैसले को प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रशासन के मुताबिक, ये नोडल अधिकारी अपनी-अपनी आवंटित पंचायतों में चल रही सरकारी योजनाओं के अनुश्रवण और पर्यवेक्षण के लिए प्रत्यक्ष रूप से उत्तरदायी होंगे। गुणवत्ता, समयबद्धता और लाभुकों तक सीधी पहुंच इन तीन बिंदुओं पर खास फोकस रहेगा। साफ संदेश है कि अब योजनाएं फाइलों में नहीं, गांव की चौपाल पर नज़र आएंगी।

जिलाधिकारी प्रतिभा ने निर्देश दिया है कि सभी नामित नोडल पदाधिकारी प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को अनिवार्य रूप से क्षेत्र भ्रमण करेंगे। गांवों में जाकर योजनाओं की हक़ीक़त परखेंगे, प्रगति की समीक्षा करेंगे और ज़मीनी अड़चनों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे।

भ्रमण के दौरान अधिकारी ग्रामीणों से रूबरू होंगे, शिकायतें सुनेंगे और त्वरित निष्पादन की कार्यवाही करेंगे। इससे दलाल तंत्र पर लगाम लगेगी और लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचेगा। निरीक्षण के दिन पंचायत स्तर के सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड अधिकारियों को सौंपी गई है।हर दौरे के बाद विस्तृत प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को सौंपना अनिवार्य होगा। साथ ही, विभागीय समन्वय के जरिए विकास कार्यों में रफ्तार लाने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी का स्पष्ट कहना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े योग्य लाभुक तक पहुंचाना प्राथमिकता है। पंचायतों में नोडल पदाधिकारियों की तैनाती से मॉनिटरिंग मजबूत होगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी। शिवहर में अब प्रशासन का इरादा साफ है गांवों की तकदीर बदले बिना चैन नहीं।

रिपोर्ट- मनोज कुमार