Bihar Bulldozer Action: मंत्री का आवास पर चला बुलडोजर, बिहार सरकार की माननीय के आवास परिसर को किया गया ध्वस्त, कार्रवाई से मचा हड़कंप,देखिए तस्वीर
Bihar Bulldozer Action: बिहार सरकार की मंत्री के आवास परिसर के बाहर एक साथ दो बुलडोजर पहुंच गए और देखते ही देखते बाउंड्री वॉल तथा मुख्य प्रवेश द्वार को ध्वस्त कर दिया गया।
Bihar Bulldozer Action: बिहार में अतिक्रमण के खिलाफ जारी बुलडोजर अभियान के बीच सीतामढ़ी से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बिहार सरकार की मंत्री के आवास परिसर के बाहर एक साथ दो बुलडोजर पहुंच गए और देखते ही देखते बाउंड्री वॉल तथा मुख्य प्रवेश द्वार को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में किसी भी व्यक्ति को विशेष छूट नहीं दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सीतामढ़ी रिंग बांध रोड के चौड़ीकरण परियोजना के तहत की गई। प्रशासन द्वारा सड़क विस्तार के लिए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग की मंत्री एवं चिकित्सक डॉ. श्वेता गुप्ता के अस्पताल सह आवास परिसर की उस बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट को हटाया गया, जो कथित तौर पर सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे थे।कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और दंडाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजरों ने निर्धारित हिस्से को ध्वस्त किया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी घटनास्थल पर जुटी रही और पूरे घटनाक्रम को देखती रही। मंत्री के आवास पर हुई इस कार्रवाई की चर्चा पूरे जिले में होती रही।
राजनीतिक दृष्टि से भी इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रशासनिक सख्ती और अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर सरकार लगातार सक्रिय दिखाई दे रही है। ऐसे में मंत्री के आवास परिसर पर हुई कार्रवाई को विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और विकास परियोजनाओं में बाधा बनने वाले सभी अवैध निर्माणों को नियमानुसार हटाया जा रहा है। कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की व्यापक मुहिम का हिस्सा है।सीतामढ़ी की इस घटना ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि विकास परियोजनाओं को लेकर प्रशासन अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। मंत्री आवास पर चला बुलडोजर फिलहाल पूरे प्रदेश में चर्चा और सियासी बहस का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार