Sitamarhi Health Department: सीतामढ़ी में अवैध क्लिनिकों पर कार्रवाई सवालों के घेरे में, छापेमारी में मिली गड़बड़ियां
Sitamarhi Health Department: सीतामढ़ी में अवैध क्लिनिकों पर छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई सवालों में घिर गई। कई जगह गड़बड़ियां मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
Sitamarhi Health Department: सीतामढ़ी जिले में अवैध स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई करने निकली स्वास्थ्य विभाग की टीम अब खुद विवादों में घिर गई है। छापेमारी के दौरान विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि छोटे क्लिनिकों पर तो सख्ती दिखाई गई, लेकिन रसूखदार डॉक्टरों और बड़े केंद्रों के सामने अधिकारी नरम पड़ गए।
पूरे अभियान के दौरान शहर के अस्पताल रोड और कारगिल चौक के आसपास का इलाका चर्चा का केंद्र बना रहा। कार्रवाई की शुरुआत सदर अस्पताल रोड स्थित मान तारा हॉस्पिटल से हुई। यहां डॉ. मुकेश कुमार का बोर्ड लगा हुआ था। छापेमारी के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, एसीएमओ डॉ. जेड जावेद और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक मौजूद थे। जांच के दौरान क्लिनिक संचालक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बावजूद टीम बिना कोई ठोस कार्रवाई किए वहां से लौट गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई
इसके बाद टीम सदर अस्पताल गेट के पास स्थित एक अन्य क्लिनिक पहुंची। इसी दौरान गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. सुनील सिन्हा का फोन आया और कथित तौर पर उस क्लिनिक को छोड़ देने की बात कही गई। हालांकि पीएचसी प्रभारी ने कार्रवाई करने की कोशिश की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पार्क गेट के पास चल रहे एक अल्ट्रासाउंड केंद्र पर पहुंची। जांच में वहां मेडिकेयर और फायर सेफ्टी से जुड़े जरूरी कागजात नहीं मिले। लेकिन यहां भी विभाग की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई।
विभाग को कई गड़बड़ियां मिलीं
फिर टीम कारगिल चौक स्थित साक्षी क्लिनिक पहुंची। यहां जांच के दौरान विभाग को कई गड़बड़ियां मिलीं। क्लिनिक के बाहर लगे बोर्ड पर डॉ. त्रिलोकी शर्मा का नाम लिखा था, लेकिन अंदर मौजूद लोगों ने बताया कि दो मरीजों का सिजेरियन ऑपरेशन डॉ. ललित कुमार द्वारा किया जा रहा था। टीम ने क्लिनिक को सील करने की तैयारी शुरू की, लेकिन आरोप है कि सिविल सर्जन के एक फोन कॉल के बाद कार्रवाई रोक दी गई। पूरे मामले में सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और उनका फोन भी नहीं उठाया गया। इस मामले पर जिला अधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि अवैध क्लिनिकों को सील करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से पूरी छापेमारी की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई और समीक्षा की जाएगी।
सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट