India-Nepal border: भारत-नेपाल बॉर्डर पर 1,435 विदेशी वैक्सीन जब्त, 40 लाख की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

India-Nepal border: सीतामढ़ी में भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB ने 1,435 विदेशी वैक्सीन के साथ एक तस्कर को पकड़ा है। बरामद वैक्सीन की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

India-Nepal border: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक व्यक्ति को बड़ी मात्रा में विदेशी वैक्सीन के साथ पकड़ा है। सोनबरसा थाना क्षेत्र के नरकटिया बीओपी के जवानों ने कार्रवाई करते हुए कुल 1,435 वैक्सीन बरामद की हैं। एसएसबी के मुताबिक ये वैक्सीन मुर्गा-मुर्गियों को देने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।


बरामद वैक्सीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है।


नेपाल से पैदल सीमा पार कर रहा था


एसएसबी नरकटिया बीओपी के उप कमांडेंट सुमीत कुमार के अनुसार, सीमा पर तस्करी रोकने के लिए जवान लगातार निगरानी करते हैं। इसी क्रम में जवानों ने पिलर संख्या 322/27 के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान नेपाल के सखुआवा गांव की तरफ से एक व्यक्ति पैदल भारतीय सीमा की ओर आता दिखाई दिया। उसके सिर पर एक गठरी रखी हुई थी। इंदरवा के पास भारतीय क्षेत्र में पहुंचने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की और सामान की तलाशी ली।


गठरी खुली तो निकली विदेशी वैक्सीन


तलाशी के दौरान व्यक्ति के पास मौजूद गठरी से बड़ी संख्या में वैक्सीन मिलीं। एसएसबी के अनुसार बरामद वैक्सीन नीदरलैंड और अमेरिका में निर्मित हैं और इनका इस्तेमाल मुर्गी पालन में किया जाता है। जवानों ने वैक्सीन को जब्त करने के साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। एसएसबी का कहना है कि वह नेपाल से वैक्सीन लेकर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था और इसे आगे किसी ठिकाने तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।


इंदरवा गांव का रहने वाला है आरोपी


एसएसबी के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र के इंदरवा गांव निवासी पप्पू कुमार के रूप में हुई है। वह भदाई महतो का पुत्र बताया गया है। अधिकारी के मुताबिक सीमा पर तस्करी की गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी निगरानी के दौरान यह खेप पकड़ी गई।


1,435 वैक्सीन कस्टम विभाग को सौंपी गई


एसएसबी ने बरामद 1,435 वैक्सीन और पकड़े गए व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया है। अब कस्टम विभाग यह पता लगाने में जुटेगा कि वैक्सीन कहां से लाई गई थी और इसे भारत में किसे पहुंचाया जाना था। इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी वैक्सीन पकड़े जाने के बाद सीमा क्षेत्र में तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है। एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध सामान की आवाजाही रोकने के लिए निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट