सीतामढ़ी हिंसा मामला: पुलिस ने जारी की 159 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें, 14 आरोपी गिरफ्तार

नीट परीक्षा पेपर लीक कांड के विरोध में आयोजित बंद के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ मामले में जिला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए देर शाम 159 संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं....

Sitamarhi : जिले में नीट परीक्षा (NEET Exam) पेपर लीक कांड के विरोध में आयोजित बंद के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ मामले में जिला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए देर शाम 159 संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। मामले में अब तक 14 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


एसपी और थानाध्यक्षों समेत एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल

उल्लेखनीय है कि बंद के दौरान भड़की हिंसा में सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन, मेहसौल थानाध्यक्ष, यातायात थानाध्यक्ष सहित एक दर्जन से अधिक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज सदर अस्पताल एवं अन्य अस्पतालों में चल रहा है। हिंसा की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।


डीआईजी चंदन कुशवाहा के नेतृत्व में रैपिड एक्शन फोर्स का फ्लैग मार्च

शहर में शांति और कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और भारी पुलिस बल के साथ मुख्यालय सहित पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के बाद शहर में स्थिति नियंत्रित हुई और सामान्य व्यवस्था बहाल हो सकी।


पहचान बताने वाले का नाम रहेगा पूरी तरह गोपनीय, मोबाइल नंबर जारी

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए उपद्रवियों की पहचान बताने के लिए मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि उपद्रव और हिंसा में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


अविनाश कुमार की रिपोर्ट