सीतामढ़ी के केथरिया गांव पहुंच प्रमंडलीय आयुक्त और डीआईजी शोकाकुल परिवार से की मुलाकात, सुरक्षा और सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

सीतामढ़ी के केथरिया गांव पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त और डीआईजी - फोटो : मणिभूषण

Sitamarhi : जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की निर्मम हत्या के बाद उपजी परिस्थितियों का जायजा लेने प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) सत्यनारायण कुमार सोमवार को सीतामढ़ी के केथरिया गांव पहुंचे। उनके साथ जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन भी मौजूद रहे। उच्चाधिकारियों ने मृतक की पत्नी, बच्चों एवं परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा, त्वरित न्याय और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


तत्कालीन थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता की भूमिका की होगी जांच 

प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने घटना को अत्यंत दुखद व अक्षम्य बताते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जा रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को कड़ा निर्देश दिया कि इस हत्याकांड के संदर्भ में तत्कालीन थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता (IO) की कार्यशैली और भूमिका की भी जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जांच के दौरान यदि किसी भी पुलिस पदाधिकारी की लापरवाही, कर्तव्यहीनता या अपराधियों से संलिप्तता उजागर होती है, तो उनके विरुद्ध नियमसंगत कठोर कार्रवाई की जाएगी।


पीड़िता को मिला बॉडीगार्ड, गांव में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश 

पीड़ित परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से मृतक की पत्नी (जिला परिषद सदस्या) को सरकारी बॉडीगार्ड उपलब्ध कराने का आदेश दिया। इसके साथ ही, ग्रामीणों के बीच सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए अगले आदेश तक केथरिया गांव में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए। सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सभी सहायता राशि और सुविधाएं भी पीड़ित परिवार को अविलंब मुहैया कराने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया गया।


अवैध शराब सिंडिकेट पर शिकंजा और संपत्ति कुर्की का आदेश 

मामले की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और इसमें शामिल आपराधिक तत्वों की गतिविधियों की गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही गैर-कानूनी गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने और आवश्यकता पड़ने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट आदेश दिया गया, ताकि अपराधियों में कानून का खौफ कायम हो सके।


चेकपोस्ट निर्माण, सीसीटीवी सर्विलांस और समन्वय का निर्देश 

विधि-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट का निर्माण कराने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को 'मिशन मोड' में काम करने तथा सभी स्टेकहोल्डर्स के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने की बात कही। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर महतो, पूर्व विधान परिषद सदस्य तथा जिला व पुलिस प्रशासन के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


मणिभूषण की रिपोर्ट