Bihar News : सीतामढ़ी में समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल के बीच टूटा अतिक्रमण

Bihar News : बिहार सरकार की समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता के सीतामढ़ी स्थित निजी मकान पर बुलडोजर चला दिया गया है.....पढ़िए आगे

शव यात्रा के दौरान फायरिंग - फोटो : AVINASH

SITAMARHI : सीतामढ़ी जिले में जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार सरकार की समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता के रिंग बांध स्थित निजी मकान पर बुलडोजर चला दिया है। प्रशासनिक टीम ने मंत्री के आवास की बाउंड्री  को पूरी तरह से ध्वस्त करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से खाली करा लिया है।

यह पूरी कार्रवाई अचानक नहीं हुई है, बल्कि इसके पीछे लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले स्थानीय अंचल कार्यालय के अंचलाधिकारी के नेतृत्व में उक्त जमीन के सीमांकन का कार्य पूरा किया गया था। सीमांकन में जमीन सरकारी पाए जाने के बाद अंचल प्रशासन द्वारा मंत्री को नोटिस निर्गत कर अतिक्रमण स्वतः हटाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, नोटिस की म्याद पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण को खाली नहीं किया गया था।

नोटिस के बावजूद जमीन खाली न किए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के प्रभारी जिलाधिकारी संजीव कुमार ने सख्त रुख अपनाया। प्रभारी डीएम के कड़े निर्देश पर प्रशासन ने इस बड़ी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की। इसके बाद सदर अंचल की अंचलाधिकारी ममता कुमारी और विशेष कार्य पदाधिकारी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया।

रिंग बांध स्थित घटना स्थल पर जब प्रशासनिक अमला बुलडोजर के साथ पहुंचा, तो वहां भारी अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। किसी भी संभावित विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी। नगर निगम के कर्मियों की मौजूदगी में बुलडोजर ने देखते ही देखते मंत्री के मकान की अवैध बाउंड्री वाल को जमींदोज कर दिया और सरकारी भूमि को पूरी तरह मुक्त करा लिया।

सीतामढ़ी में सत्ताधारी दल की कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री के खिलाफ हुई इस कड़े एक्शन की चर्चा पूरे सूबे के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तेजी से फैल गई है। आम जनता के बीच इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय प्रबुद्ध जनों का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रशासन ने यह कड़ा संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस बल तैनात है।

अविनाश की रिपोर्ट