Bihar News : सीतामढ़ी में निगरानी विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, बाजपट्टी के CO प्रभात कुमार को सरकारी आवास से किया गिरफ्तार

Bihar News : सीतामढ़ी में बाजपट्टी अंचल के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया है। टीम की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है......पढ़िए आगे

सीओ गिरफ्तार - फोटो : AVINASH

SITAMARHI : बिहार के सीतामढ़ी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ बाजपट्टी अंचल के अंचलाधिकारी (सीओ) प्रभात कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। निगरानी विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि निगरानी की विशेष टीम ने बाजपट्टी स्थित उनके सरकारी आवास पर अचानक दबिश दी और उन्हें हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई है।

यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2025 में दर्ज किए गए भ्रष्टाचार के एक पुराने मामले में कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, पिछले साल निगरानी थाना में अंचलाधिकारी प्रभात कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने एक सरकारी कार्य को निपटाने के एवज में अवैध रूप से रिश्वत की मांग की थी।

मामला दर्ज होने के बाद निगरानी विभाग ने इस कांड की गहनता से जांच की थी। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित न्यायालय द्वारा सीओ प्रभात कुमार के विरुद्ध गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। इसी अदालती वारंट के अनुपालन के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और उनके सरकारी आवास पर छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।

जैसे ही सीओ प्रभात कुमार की गिरफ्तारी की खबर क्षेत्र में फैली, उनके सरकारी आवास के आसपास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रशासनिक हलकों में भी इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल निगरानी की टीम आरोपी सीओ को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ में जुट गई है। भ्रष्टाचार के मामलों में निगरानी विभाग के इस कड़े रुख को सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। 

अविनाश की रिपोर्ट