मॉल के भवन से गिरकर युवती की संदिग्ध मौत, मां ने मैनेजर पर लगाया हत्या का आरोप
सीतामढ़ी जिले में एक युवती की मॉल से गिरकर संदिग्ध परिस्थिति मे मौत हो गई। मृतका के मां ने मॉल के मैनेजर के उपर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Sitamarhi : जिले के मेहसौल थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर स्थित 'धोली सती मॉल' के भवन के पिछले हिस्से से एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान परसौनी निवासी प्रतिमा देवी की पुत्री श्यामा कुमारी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मेहसौल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मॉल में कार्यरत थी मृतका, मां ने जताई हत्या की आशंका
घटना को लेकर मृतका की माँ प्रतिमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी धोली सती मॉल में कार्यरत थी। उन्होंने अपनी बेटी की हत्या किए जाने की गंभीर आशंका व्यक्त करते हुए मॉल के मैनेजर पर सीधे आरोप लगाए हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फॉरेंसिक टीम बुलाई गई, सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच जारी: थानाध्यक्ष
मामले को लेकर मेहसौल थानाध्यक्ष मो. असदुल्लाह ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (Forensic) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट