SP Bharat Soni Action: सीवान में अपराधियों पर शिकंजा, फरार बदमाशों और वारंटियों पर विशेष अभियान चलाने का आदेश

सीवान में अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी भारत सोनी ने सख्त रुख अपनाया है। मासिक अपराध गोष्ठी में थानेदारों को अल्टीमेटम देते हुए फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और 15 मिनट में ERSS रिस्पांस के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं! एसपी ने थानेदारों को दी चेतावनी, छठ सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश- फोटो : Reporter

सीवान जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने पुलिस अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। समाहरणालय सभागार में आयोजित अक्टूबर माह की मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में निर्देश दिया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


आगामी छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पटाखा दुकानों की जांच

बैठक में मुख्य रूप से आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करें और लगातार गश्ती सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, त्योहारी सीजन के मद्देनजर पटाखा दुकानों के लाइसेंस, उनके भंडारण और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने के कड़े निर्देश भी दिए गए।


फरार अपराधियों और वारंटियों पर चलेगा विशेष अभियान, संपत्ति जब्ती का निर्देश

गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर देते हुए एसपी ने हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों का जल्द अनुसंधान पूरा कर अपराधियों को सजा दिलाने को कहा। उन्होंने फरार अपराधियों, जेल से हाल ही में छूटे बदमाशों और वारंटियों की सूची को अपडेट करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर बीएनएसएस (BNSS) की विभिन्न धाराओं, सीसीए (CCA) और पीएमएलए (PMLA) के तहत कार्रवाई करने तथा अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए गए।


डायल 112 (ERSS) की गाड़ी को 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचना होगा

जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तकनीक और रिस्पांस टाइम पर विशेष जोर दिया गया है। एसपी ने निर्देश दिया कि ईआरएसएस (ERSS) यानी डायल 112 कंट्रोल रूम से मिलने वाली किसी भी शिकायत पर पुलिस टीम को हर हाल में 15 मिनट के भीतर रिस्पांस देना होगा और घटनास्थल पर पहुंचना होगा। इसके साथ ही थानों में अपनी फरियाद लेकर आने वाले आम नागरिकों के साथ पुलिसकर्मी शालीन व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं का तुरंत निपटारा करें।


रात्रि गश्ती, वाहन चेकिंग और अनुशासन पर जोर, लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई

पुलिसिया कार्यप्रणाली में सुधार और अनुशासन बनाए रखने के लिए एसपी ने स्पष्ट किया कि सभी पुलिसकर्मी अपनी वर्दी और नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें। जिले में नियमित रात्रि गश्ती, सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के अंत में यह संदेश दिया गया कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी और मामलों के निष्पादन में कोई लापरवाही मिली, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई तय है।

 सीवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट