पानी भरी बाल्टी में डूबने से 15 माह के मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

पानी भरी बाल्टी में डूबने से बच्चे की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डहरिया पंचायत के वार्ड नंबर-10 से मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 15 माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान स्थानीय निवासी सुभाष यादव के 15 माह पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


खेलते-खेलते चापाकल के पास गया था मासूममां बना रही थी खाना

मृतक के दादा राजकुमार यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रशांत घर के आंगन में अकेले खेल रहा था और उसकी मां पूनम देवी रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते आंगन में लगे चापाकल की ओर चला गया, जहां पानी से भरी एक बाल्टी रखी हुई थी। बाल्टी के साथ खेलते समय बच्चा अचानक औंधे मुंह उसमें गिर गया और पानी में डूबने से उसकी सांसें थम गईं।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कियाचार बहनों का इकलौता भाई था प्रशांत

कुछ समय बाद जब मां की नजर बाल्टी पर पड़ी, तो बच्चे को डूबा देख उसने चीखना-चिल्लाना शुरू किया। परिजन तुरंत मासूम को बाल्टी से निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) छातापुर ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 


परिजनों ने बताया कि चार बेटियों के बाद प्रशांत उनका इकलौता बेटा था। उसके पिता फिलहाल दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। इकलौते बेटे की मौत के सदमे में मां बार-बार बेहोश हो रही है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट