सुपौल में 30,331 पात्र लाभुकों को मिला नया राशन कार्ड, नवनियुक्त पीडीएस डीलरों को सौंपी गई अनुज्ञप्ति

पात्र लाभुकों को मिला नया राशन कार्ड- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के गरीब एवं पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से एक बड़ी पहल की गई है। गुरुवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के तत्वावधान में पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पात्र लाभुकों के बीच नए राशन कार्ड तथा नवनियुक्त जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) वितरित कर इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सुपौल के अधिकारी, डीएम ने जिले के लाभुकों को बांटे राशन कार्ड

पटना में आयोजित इस मुख्य समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, नए राशन कार्ड प्राप्त करने वाले लाभुक और नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेता जुड़े। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने भी जिले के दर्जनों पात्र लाभुकों को अपने हाथों से नया राशन कार्ड सौंपा और नवनियुक्त पीडीएस डीलरों को कार्य संचालन हेतु अनुज्ञप्ति प्रदान की।


विशेष अभियान के तहत अब तक 30,331 परिवारों को निर्गत किए गए नए कार्ड: डीएम सावन कुमार

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जिले में छूटे हुए पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 30,331 लाभुकों को नया राशन कार्ड निर्गत किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर पात्र परिवार तक खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ समय पर पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि कोई भी गरीब परिवार सरकारी अनाज से वंचित न रहे।


राशन वितरण में पारदर्शिता रखने के सख्त निर्देश, अनियमितता बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी ने नए राशन कार्ड प्राप्त करने वाले सभी पात्र परिवारों से अपील की कि वे हर माह निर्धारित समय पर अपनी नजदीकी जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर जाकर खाद्यान्न का उठाव करें। साथ ही, उन्होंने नवनियुक्त पीडीएस विक्रेताओं को पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और सरकारी नियमानुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। डीएम ने दो टूक कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटतौली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लाभुकों को उनके निर्धारित हक का पूरा अनाज मिलना चाहिए।


नए कार्ड और डीलरों की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर

जिले में इतने बड़े पैमाने पर नए राशन कार्ड जारी होने और नए पीडीएस डीलरों को अनुज्ञप्ति मिलने से आम जनता में भारी उत्साह और खुशी देखी जा रही है। लाभुकों का कहना है कि नया कार्ड बनने से अब उनके परिवार के भरण-पोषण में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, नए डीलरों के जुड़ने से पंचायतों में राशन वितरण व्यवस्था और अधिक सुगम तथा सुचारू होने की उम्मीद है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट