नवादा में लग्जरी कार से 78 लीटर विदेशी शराब बरामद, झारखंड का तस्कर गिरफ्तार

नवादा के गोविंदपुर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद विभाग ने रांची से पटना भेजी जा रही 104 बोतल प्रीमियम व्हिस्की और रम को एक लग्जरी कार से बरामद किया है। मामले में तस्कर को गिरफ्तार किया है...

लग्जरी कार से विदेशी शराब बरामद- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Nawada : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नवादा पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। गोविंदपुर चेकपोस्ट पर सघन तलाशी के दौरान एक लग्जरी गाड़ी से 78 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो शराब की इस बड़ी खेप को झारखंड से बिहार की राजधानी पटना ले जाने की फिराक में था।


गुप्त सूचना के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) दिलीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने चेकपोस्ट पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो गाड़ी की पिछली सीट और डिक्की के भीतर गुप्त रूप से छुपाए गए कई कार्टन बरामद हुए। जांच करने पर पुलिस ने पाया कि इन कार्टन में विभिन्न ब्रांडों की महंगी विदेशी शराब भरी हुई थी।


बरामद शराब की खेप में कुल 104 बोतलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ब्लेंडर्स प्राइड प्रीमियम व्हिस्की की 750 एमएल वाली 72 बोतलें (6 कार्टन), सिग्नेचर प्रीमियम व्हिस्की की 24 बोतलें (2 कार्टन) और बकार्डी प्रीमियम रम की 8 बोतलें जब्त की गई हैं। उत्पाद टीम ने शराब के साथ तस्करी में उपयोग की जा रही लग्जरी गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।


मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान मोहम्मद साहिल (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रांची जिले के तमार थाना अंतर्गत रड़गांव का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान साहिल ने स्वीकार किया कि उसे रांची में गाड़ी की चाबी सौंपी गई थी। उसे निर्देश दिया गया था कि पटना पहुंचने के बाद हाईवे पर ही किसी अज्ञात व्यक्ति को यह गाड़ी और शराब की खेप सुपुर्द करनी है। इस बयान से स्पष्ट है कि शराब तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है।


उत्पाद विभाग की टीम अब गिरफ्तार चालक से मिले इनपुट के आधार पर इस सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रांची में शराब किसने उपलब्ध कराई और पटना में इसे किसे रिसीव करना था। आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध कानून की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट