रबी सीजन में खाद की जमाखोरी पर कृषि विभाग सख्त, एक खाद दुकान का लाइसेंस निलंबित
रबी सीजन में किसानों को खाद की किल्लत न हो और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके, इसे लेकर कृषि विभाग अलर्ट मोड में है। खाद की बढ़ती खपत और जमाखोरी की आशंका के बीच विभाग ने उर्वरक दुकानों की जांच तेज कर दी है...
Supaul : रबी फसल की बुआई शुरू होते ही जिले में उर्वरक की बढ़ती खपत और जमाखोरी की आशंका को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। खाद की उपलब्धता एवं खपत की समीक्षा के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में इस माह यूरिया और डीएपी की अधिक खपत सामने आने के बाद जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार (19 नवंबर) को जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सुपौल ने अधिक मात्रा में खाद बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं और बड़ी मात्रा में खाद खरीदने वाले किसानों के ठिकानों पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया।
नए बुकिंग एप और किल्लत के डर से किसानों ने घरों में कर लिया था खाद का भंडारण
जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि कई किसानों ने आगामी रबी फसल की बुआई के लिए आवश्यक खाद की पूरी मात्रा एक ही बार में खरीदकर अपने घरों में भंडारित कर ली है। अधिकारियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर कुछ किसानों ने बताया कि नए फर्टिलाइजर बुकिंग एप की प्रक्रिया और भविष्य में खाद नहीं मिलने की आशंका के कारण उन्होंने एक साथ बड़ी मात्रा में खाद की खरीदारी कर ली थी।
किशनपुर में खाद-बीज भंडार का औचक निरीक्षण, वितरण में गड़बड़ी पर प्राधिकार पत्र निलंबित
अभियान के तहत कृषि अधिकारियों की टीम ने किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत अंतर्गत खरिया गांव स्थित मेसर्स राकेश कुमार खाद-बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खाद वितरण से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित दुकान का उर्वरक प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिले में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध, मिट्टी जांच के आधार पर संतुलित प्रयोग की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अपनी तात्कालिक आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदें और घरों में अनावश्यक भंडारण करने से बचें, क्योंकि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। साथ ही, जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से खेतों की मिट्टी की जांच कराने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुशंसित संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का उपयोग करने का आग्रह किया है, ताकि फसल और मिट्टी की उर्वरा शक्ति सुरक्षित रह सके।
विनय की रिपोर्ट