उत्तर बिहार की किस्मत बदलने का 'मास्टर प्लान'! 6282 करोड़ की ऐतिहासिक परियोजना का जायजा लेने पहुंचे जल संसाधन विभाग के दिग्गज

जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने कोशी-मेंची लिंक परियोजना और कोसी बराज की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नेपाल के अधिकारियों के साथ समन्वय और परियोजना की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

Supaul - जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल और अभियंता प्रमुख अवधेश कुमार मंगलवार को विशेष विमान से वीरपुर पहुंचे। हवाई अड्डे पर सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार और कोसी विभाग के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने उनका स्वागत किया। प्रधान सचिव ने सबसे पहले कोसी बराज के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और बराज के गेटों के ऑटोमेशन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

दौरे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा नेपाल के सीडीओ (CDO) के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक रही। इस बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे कार्यों में आपसी सहयोग और तटबंध के पास हुए अतिक्रमण को लेकर चर्चा की गई। प्रधान सचिव ने नेपाली अधिकारियों से तटबंध के बगल वाली जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का आग्रह किया ताकि सुरक्षा और मरम्मत के कार्यों में कोई बाधा न आए।

प्रधान सचिव ने कोशी-मेंची लिंक परियोजना के तहत पूर्वी मुख्य नहर के 0 किलोमीटर से बलुआ और बेंगा धार तक चल रहे मिट्टी निकालने के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 0 से 41 किलोमीटर तक मिट्टी (गाद) निकालने का काम चल रहा है, जिससे नहर की जल वहन क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को गाद के प्रबंधन और मिट्टी को सुरक्षित स्थान पर रखने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कटैया पावर हाउस का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वहां स्थापित 4 टरबाइन से वर्तमान में 19.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। संतोष कुमार मल्ल ने इसके विस्तार की संभावनाओं पर बल देते हुए कहा कि बिजली उत्पादन बढ़ाने के विषय पर जल्द ही ऊर्जा विभाग से वार्ता की जाएगी। इसके पश्चात उन्होंने फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का भी अवलोकन किया।

बता दें कि ₹6282 करोड़ 32 लाख की यह ऐतिहासिक परियोजना 2029 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे लगभग 2.15 लाख हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी और दर्जनों नदियों को आपस में जोड़कर बाढ़ के खतरे को कम किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और कार्यपालक अभियंता बब्बन पांडेय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Report - Vinay kumar Mishra