Bihar News: कोसी में मौत का मंजर टला, किसानों-मजदूरों से भरी नाव पलटी, नदी में मची चीख-पुकार, 4 अस्पताल में भर्ती

Bihar News: कोसी नदी में किसानों और मजदूरों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। ...

कोसी में मौत का मंजर टला- फोटो : social Media

Bihar News: सुपौल जिले में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कोसी नदी में किसानों और मजदूरों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। हादसा भपटियाही थाना क्षेत्र के बनेनिया घाट के समीप हुआ, जहां करीब 15 से 20 लोग नाव पर सवार होकर नदी पार कर मूंग की फसल तोड़ने खेतों की ओर जा रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव गहरे पानी में समा गई और देखते ही देखते नदी में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पलटते ही उसमें सवार लोग जान बचाने के लिए नदी में हाथ-पांव मारने लगे। कुछ लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई यात्रियों को स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

हादसे में चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल भपटियाही के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

इस बड़े हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी यात्री के लापता होने या डूबने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार यात्रियों की गिनती और स्थिति की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं, ताकि किसी भी आशंका को दूर किया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही धीरज कुमार, थाना अध्यक्ष तथा प्रखंड प्रमुख घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली तथा बचाव कार्यों की समीक्षा की। सीओ धीरज कुमार ने बताया कि कोसी नदी में नाव पलटने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और यात्रियों की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।कोसी नदी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर नदी पार कर  जाने वाले किसानों और मजदूरों की मुश्किलों को उजागर कर दिया है।