पुल के पास जलकुंभी से बरामद हुआ नवजात का शव, इलाके मे सनसनी
Supaul : जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर पंचायत में बुधवार को एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बोल्डर चौक-अनंत चौक मुख्य मार्ग पर स्थित पुल (पैटकी) के पास पानी में एक नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। मृत नवजात का शव एक लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ था और पानी में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ था। सबसे खास बात यह है कि नवजात के हाथ में मेडिकल टेप लगा हुआ मिला है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसका जन्म हाल ही में किसी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में हुआ था। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मछुआरे की नजर पड़ी लाल कपड़े पर, बाहर निकालने के बाद फैली सनसनी
घटना के संबंध में बताया गया कि बुधवार की दोपहर करीब दो बजे एक स्थानीय मछुआरा उस पुल के पास मछली पकड़ने के लिए पहुँचा था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में तैर रहे लाल कपड़े पर पड़ी। जब उसने पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि कपड़े के भीतर एक नवजात का शव था। मछुआरे ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने संभाली कमान, एंबुलेंस की आवाजाही को लेकर जताई जा रही आशंका
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की शाम कचरा भवन वाली सड़क से भगवानपुर स्कूल के पास एक एंबुलेंस को गुजरते हुए देखा गया था। लोगों ने आशंका जताई है कि संभव है कि उसी एंबुलेंस से लाकर इस नवजात के शव को यहां फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बोले- प्रसव के रिकॉर्ड होगी जांच, जन्म कहीं और होने की संभावना
इस पूरे मामले पर बसंतपुर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस घटना की शुरुआती जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लेबर रूम में हुए प्रसव के रिकॉर्ड की विधिवत जानकारी ली जाएगी। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि हो सकता है कि इस नवजात का प्रसव किसी अन्य निजी या बाहरी अस्पताल में कराया गया हो और बाद में शव को लाकर यहाँ फेंक दिया गया हो।
अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस, सच्चाई का जल्द होगा खुलासा
फिलहाल रतनपुर थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नवजात की पहचान करने और उसके जन्म से जुड़े तमाम तथ्यों का सुराग लगाने के लिए पुलिस आसपास के सभी अस्पतालों, नर्सिंग होम और स्वास्थ्य केंद्रों के दस्तावेजों की गहन जाँच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल टेप और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बहुत जल्द इस मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।