सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बूटकैंप आयोजित, विशेषज्ञ ने कहा-वास्तविक समस्याओं के समाधान से ही निकलती है स्टार्टअप की राह

केवल एक अच्छा विचार होना ही काफी नहीं है, बल्कि उस विचार की उपयोगिता, संभावित बाजार, लक्षित लाभार्थी और उसे धरातल पर उतारने की स्पष्ट कार्ययोजना होना अनिवार्य है। उक्त सलाह IIT Patna इन्क्यूबेशन सेंटर के प्रतिनिधि प्रदीप ने बूटकैंप में छात्रों को दी

सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बूटकैंप आयोजित- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : 'सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग' के सेमिनार हॉल में मंगलवार को विद्यार्थियों के बीच नवाचार (Innovation), उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष ‘स्टार्टअप बिहार बूटकैंप’ का सफल आयोजन किया गया। कॉलेज के स्टार्टअप सेल द्वारा आयोजित इस बूटकैंप में छात्र-छात्राओं को अपने आसपास की वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान करने, उनके लिए व्यावहारिक समाधान ढूंढने और उन्हें सफल व्यावसायिक उद्यम (स्टार्टअप) में बदलने की पूरी प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया।


स्थानीय समस्याओं को व्यावसायिक अवसरों में बदलने पर बल: DIC महाप्रबंधक मनोज कुमार 

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला उद्योग केंद्र (DIC), सुपौल के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि हर बड़ा स्टार्टअप किसी न किसी जटिल समस्या के समाधान से जन्म लेता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बिहार सरकार द्वारा स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता, संस्थागत सहयोग और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं के पास मौलिक विचारों की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच प्रदान करने की आवश्यकता है।


आईआईटी पटना के विशेषज्ञ ने दी आइडिया से प्रोडक्ट बनाने की ट्रेनिंग 

आईआईटी पटना (IIT Patna) इन्क्यूबेशन सेंटर के कार्यकारी प्रतिनिधि प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को अपने स्टार्टअप आइडिया को बिजनेस मॉडल में तब्दील करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि केवल एक अच्छा विचार होना ही काफी नहीं है, बल्कि उस विचार की उपयोगिता, संभावित बाजार, लक्षित लाभार्थी और उसे धरातल पर उतारने की स्पष्ट कार्ययोजना होना अनिवार्य है। उन्होंने छात्रों को पिचिंग (Pitching) करने और इन्क्यूबेशन सेंटर्स से जुड़ने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।


हैकाथॉन विजेता टीमों को मिला पुरस्कार और सम्मान पत्र 

बूटकैंप के दौरान पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय हैकाथॉन में उत्कृष्ट और नवाचारी प्रदर्शन करने वाली विभिन्न छात्र टीमों को नकद पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स और मॉडल की सराहना करते हुए विशेषज्ञों ने उन्हें भविष्य में भी सामाजिक व स्थानीय समस्याओं पर आधारित तकनीक और समाधान विकसित करने के लिए निरंतर प्रेरित किया।


प्रो. शादाब आजम सिद्दीकी के मार्गदर्शन में सफल हुआ आयोजन 

कार्यक्रम का सफल संचालन और समन्वय स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. शादाब आजम सिद्दीकी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनके प्रयासों से संस्थान में नवाचार का माहौल मजबूत हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में छात्र प्रतिनिधि रोहित राज कुमार, आयुष राज और सूरज कुमार ने अहम भूमिका निभाई। बूटकैंप में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और स्टार्टअप संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट