कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती, साहसिक नेतृत्व और योगदान को किया याद
Supaul : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को सुपौल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने की। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को दी अलग पहचान, संविधान व लोकतंत्र की रक्षा जरूरी: शाहिद खान
समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी सशक्त हस्ती थीं, जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, साहसिक निर्णयों और मजबूत नेतृत्व से वैश्विक मंच पर भारत की अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण, गरीबी उन्मूलन तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके मुताबिक, मौजूदा समय में उनके विचारों से प्रेरणा लेकर संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करने की जरूरत है।
गरीबों व वंचितों के हितों को दी प्राथमिकता, आज भी प्रासंगिक है उनकी सोच: सुभाष सिंह
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुभाष सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने सदैव गरीबों, किसानों, मजदूरों तथा समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि आज देश बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में उनकी जनकल्याणकारी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता आज भी प्रासंगिक है।
बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे मौजूद, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में किशनपुर प्रखंड प्रभारी अभय तिवारी, त्रिवेणीगंज प्रखंड प्रभारी सतेंद्र कुमार चुनचुन, सुपौल प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार झा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेमनाथ झा, रामचंद्र सिंह, मो. उस्मान आजाद, मो. जावेद, लक्ष्मण झा और ललित कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के आदर्शों को अपनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विनय की रिपोर्ट