कोसी स्नातक निर्वाचन की तारीखों का ऐलान: 23 अक्टूबर को होगा मतदान, सुपौल में बनाए गए 13 केंद्र

बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सुपौल जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी है......

कोसी स्नातक निर्वाचन की तारीखों का ऐलान- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना संपन्न होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।


29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, पूर्णिया आयुक्त होंगे निर्वाची पदाधिकारी 

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 29 सितंबर को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। प्रत्याशी 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इस चुनाव के लिए पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पूर्णिया, कोसी, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के सभी 14 जिले शामिल हैं, जहां के डीएम सहायक निर्वाची पदाधिकारी की भूमिका में रहेंगे।


सुपौल में 13 मतदान केंद्र, 9,461 स्नातक मतदाता करेंगे फैसला 

सुपौल जिले में मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक सहायक केंद्र भी शामिल है। जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों व सदर अनुमंडल कार्यालय में 12 मूल केंद्र तथा त्रिवेणीगंज अंचल कार्यालय में एक सहायक केंद्र स्थापित किया गया है। इन केंद्रों पर कुल 9,461 मतदाता (7,196 पुरुष और 2,265 महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिपरा प्रखंड कार्यालय स्थित केंद्र संख्या 40 पर सबसे अधिक, जबकि निर्मली प्रखंड कार्यालय स्थित केंद्र संख्या 35 पर सबसे कम मतदाता पंजीकृत हैं।


ईवीएम की जगह बैलेट बॉक्स से होगा मतदान, राजपत्रित अधिकारी बनेंगे पीठासीन 

इस चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के स्थान पर पारंपरिक बैलेट बॉक्स (Ballot Box) और मतपत्रों का प्रयोग किया जाएगा। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मतदान प्रक्रिया में पीठासीन पदाधिकारी (Presiding Officers) के रूप में राजपत्रित स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जबकि अन्य मतदान कर्मी लेखा या सहायक स्तर के होंगे। चुनाव को लेकर जिले में विभिन्न प्रशासनिक कोषांगों (Cells) का गठन कर दिया गया है और जल्द ही दीवार लेखन, कर्मियों के डेटाबेस तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।


आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू 

चुनावी तिथियों की घोषणा के साथ ही पूरे कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। डीएम सावन कुमार ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग, बिहार के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सरकारी परिसंपत्तियों से प्रचार सामग्री हटाने तथा आचार संहिता के अनुपालन को लेकर आवश्यक दंडात्मक व प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट