Bihar News: बिहार के इस जिले में डीएम की बड़ी कार्रवाई, एक साथ 60 राजस्व कर्मचारी को किया निलंबित, सामने आई बड़ी वजह
Bihar News: बिहार के इस जिले में डीएम ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने एक साथ 11 अंचल के 60 राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह क्या है...
बिहार के सुपौल में जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ने 11 अंचल के 69 राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। दरअसल, जानकारी अनुसार जिले के सभी अंचलों में पदस्थापित 60 राजस्व कर्मियों सामूहिक अवकाश और हड़ताल पर चले गए थे। उनके इस रवैया से परेशान होकर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। ये सभी कर्मचारी 7 मई से बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे।
कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन
प्रशासन ने बताया कि इससे पूर्व मार्च माह में भी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में 11 दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था, लेकिन मांगें अब तक पूरी नहीं हुईं। इसके बाद संघ के आह्वान पर फिर से आंदोलन का रास्ता चुना गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जानकारी दी कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के आदेश के तहत 10 मई को सुबह 11 बजे समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में हड़ताली कर्मियों के साथ वार्ता का आयोजन किया गया था। लेकिन निर्धारित समय पर कोई भी राजस्व कर्मचारी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बावजूद प्रशासन ने उन्हें उसी दिन शाम 5 बजे तक जिला स्थापना शाखा में उपस्थिति दर्ज करने का अंतिम अवसर दिया था।
डीएम ने सभी कर्मचारियों को किया निलंबित
जिलाधिकारी ने बताया कि देश की वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासनिक कार्यों और सरकारी योजनाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न होने के मद्देनज़र, आदेश की अवहेलना और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए सभी हड़ताली कर्मियों को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के अंतर्गत तात्कालिक प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इन अंचलों के कर्मचारी हुए नलंबित
सुपौल अंचल के 12 कर्मचारी, त्रिवेणीगंज अंचल के 8 कर्मचारी, किशनपुर अंचल के 7 कर्मचारी, छातापुर अंचल के 6 कर्मचारी, राघोपुर और पिपरा अंचल के 5-5 कर्मचारी, सरायगढ़-भपटियाही और बसंतपुर अंचल के 4-4 कर्मचारी, मरौना अंचल के 4 कर्मचारी, प्रतापगंज अंचल के 3 कर्मचारी और निर्मली अंचल के 2 कर्मचारी को निलंबित किया गया है। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में कर्मचारी मनमाने ढंग से कार्य का बहिष्कार करते हैं या अनुशासनहीनता करते हैं तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।