मौसम में बदलाव का असर : सदर अस्पताल में बढ़ी मरीजों भीड़, सर्दी-खांसी और बुखार के मामलों में इजाफा

तापमान में उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों पर दिखने लगा है। सुपौल के सदर अस्पातलों में सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है....

मौसम में बदलाव का असर- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव, तापमान में उतार-चढ़ाव और सुबह-शाम बढ़ती ठंड का सीधा असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। सदर अस्पताल में इन दिनों इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसमें मुख्य रूप से सर्दी, खांसी, बुखार और मौसमी संक्रमण से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में शामिल हैं। बच्चों में भी मौसमी बीमारियों का प्रभाव साफ तौर पर देखा जा रहा है।


शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह—बच्चों को ठंड से बचाएं और बरतें सावधानी

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.हरिशंकर ने बताया कि मौसम बदलने के कारण मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है, और इस दौरान बच्चों को विशेष रूप से सुरक्षित रखने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी है कि ठंडा पानी पीने से बचें और गुनगुने पानी का सेवन करें, साथ ही सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनकर रहें। किसी भी तरह की स्वास्थ्य परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने पर जोर दिया गया है।


सिविल सर्जन बाबू साहब झा बोले—अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने स्पष्ट किया है कि सदर अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों को समय पर ड्यूटी करने और इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इलाज या दवा को लेकर किसी मरीज ने शिकायत की, तो जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष जोर

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि अस्पताल की साफ-सफाई पर उनका विशेष ध्यान रहता है। मरीजों के वार्डों और आसपास के परिसर में स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिसके लिए संबंधित कर्मियों को लगातार निर्देश दिए जाते हैं ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।


बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील

अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस बदलते मौसम में अपने स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें। विशेषकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को ठंड से बचाव करने, खानपान में सावधानी बरतने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट