सुपौल के इस पंचायत में शिविर लगाकर लाभुकों के बीच सरकारी योजनाओं के लाभ एवं प्रमाण-पत्र का किया गया वितरण, विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने किया उद्घाटन

लाभुकों के बीच सरकारी योजनाओं के लाभ एवं प्रमाण-पत्र का किया गया वितरण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर ग्राम पंचायत में बुधवार को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच लाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरण को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन और अध्यक्षता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद छातापुर के विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार, वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार और बसंतपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।


आवास योजना, राशन कार्ड और आयुष्मान भारत समेत विभिन्न योजनाओं के दिए गए स्वीकृति पत्र

समारोह के दौरान पंचायत के पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वितरित की गई प्रमुख योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, नया राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और जीविका से जुड़ी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। लाभ प्राप्त करने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर खासा उत्साह देखा गया।


अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: नीरज बबलू

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी लाभुकों को बधाई देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न रहे।


डीएम सावन कुमार ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की, ग्रामीणों से की अपील

जिलाधिकारी सावन कुमार ने भगवानपुर पंचायत में सरकारी योजनाओं के सफल और बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और सभी पात्र नागरिकों से आगे बढ़कर इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य, जीविका दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट