एनएच-27 लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, अररिया से हथियार और नकदी के साथ 6 लुटेरों को दबोचा

एनएच-27 लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर बीते 3 सितंबर को हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से लूट के 29,600 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र से दबोचे गए छह शातिर 

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर सभी छह आरोपितों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मो. वाहिद (45 वर्ष), मो. हसन (44 वर्ष), मो. मोजाहीत (38 वर्ष), साकीब रीजा (20 वर्ष), संजूर आलम (33 वर्ष) और मो. इजराईल (32 वर्ष) के रूप में की गई है। सभी आरोपी अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र के ही अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।


छापेमारी के दौरान मिला अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस 

कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता तब मिली जब गिरफ्तार आरोपी मो. इजराईल के घर की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके ठिकाने से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अवैध हथियार एवं कारतूस मिलने के बाद इस संबंध में अररिया जिले के आरएस थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान से अपराधियों तक पहुंची पुलिस 

एनएच-27 जैसे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस लूट की वारदात के बाद अपराधियों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस का सहारा लिया, जिससे गिरोह के पूरे नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं। पुलिस जब्त किए गए सात टचस्क्रीन स्मार्ट मोबाइल और एक कीपैड फोन का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है।


सघन पूछताछ जारी, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों और वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूटकांड में इनके साथ और कौन-कौन से स्थानीय मददगार या अपराधी शामिल थे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट