सुपौल में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात: पिस्तौल सटाकर प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के कार्यपालक सहायक के साथ लूटपाट

पिस्तौल के बल पर कार्यपालक सहायक के साथ लूटपाट- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया के समीप रानीपट्टी नहर मार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिया। बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के एक कार्यपालक सहायक को रोककर पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।


कनपटी पर पिस्तौल सटाकर दिया गया घटना को अंजाम

पीड़ित कार्यपालक सहायक रणवीर कुमार ने बताया कि वे त्रिवेणीगंज से रानीपट्टी नहर मार्ग के रास्ते छातापुर स्थित अपने कार्यालय आ रहे थे। इसी दौरान डहरिया के समीप छातापुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात अपराधियों ने अपनी बाइक आड़ी-तिरछी खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और जेब में रखे पांच हजार रुपये बलपूर्वक छीन लिए।


मोबाइल फोन वापस कर दक्षिण दिशा की ओर भागे बदमाश

घटना के दौरान अपराधियों ने लूटपाट के बाद पीड़ित का मोबाइल फोन उन्हें वापस लौटा दिया और इसके बाद बाइक से दक्षिण दिशा की ओर फरार हो गए। भागने के क्रम में पीड़ित बदमाशों की बाइक के नंबर प्लेट के अंतिम चार अंक '3275' ही देख सके, जिसके आधार पर पुलिस सुराग तलाशने का प्रयास कर रही है।


थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार

यह पूरी घटना लक्ष्मीपुर खूंटी जाने वाली सड़क के दक्षिण की ओर हुई। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और छातापुर थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध लिखित आवेदन दर्ज कराया। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुट गई है।


दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता

दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर पिस्तौल के बल पर हुई इस छिनतई की घटना से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि अपराधियों के हौसला इस तरह बुलंद रहेंगे, तो आम नागरिकों और कर्मियों का सुरक्षित आवागमन प्रभावित होगा। पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट