सदर अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए राज्यस्तरीय टीम का औचक निरीक्षण, BMSICL एमडी और डीएम ने दिए कई निर्देश
सुपौल सदर अस्पताल का मंगलवार को राज्यस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम का जलजमाव से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम और जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार पर जोर रहा....
Supaul : सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आधारभूत सुविधाओं का जमीनी जायजा लेने के उद्देश्य से मंगलवार को एक उच्चस्तरीय राज्यस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। बिहार चिकित्सा सेवा एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMSICL) के प्रबंध निदेशक (MD) सुब्रत कुमार सेन और जिलाधिकारी सावन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में यह औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, इंडोर-आउटडोर वार्डों और पूरे परिसर का बारीकी से मुआयना किया, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा रहा।
टीबी विभाग के पुराने भवन को परित्यक्त घोषित करने और सौंदर्यीकरण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में बरसात के दिनों में होने वाली जलजमाव की समस्या पर गंभीर चिंता जताई और इससे स्थायी रूप से निपटने के लिए एक मजबूत ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, परिसर में मौजूद जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार कार्य को जल्द शुरू करने, खतरनाक हो चुके टीबी विभाग के पुराने भवन को तत्काल परित्यक्त (Abandoned) घोषित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पूरे अस्पताल परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा गया।
मरीजों और परिजनों को बेहतर माहौल देने के लिए बुनियादी संरचना को दुरुस्त करने पर बल
शीर्ष अधिकारियों की टीम ने अस्पताल परिसर के चारों ओर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें एक स्वच्छ व बेहतर चिकित्सकीय वातावरण मिले। इसके लिए आधारभूत संरचनाओं में जरूरी सुधार कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी गई, ताकि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर हो सके।
BMSICL और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान बीएमएसआईसीएल के एमडी सुब्रत कुमार सेन और जिलाधिकारी सावन कुमार के साथ निगम के सीजीएम शैलेन्द्र भारती, डीजीएम धनंजय कुमार समेत कई तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन से सिविल सर्जन डॉ. बिमल कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बालकृष्ण चौधरी, डीएमएनई शशिभूषण प्रसाद, डॉ. रूबी कुमारी और अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद सहित अन्य चिकित्सक व कर्मी उपस्थित रहे।