मौलाना के घर लाखों की चांदी और नकदी चोरी, गृहस्वामी के ससुराल जाने पर दिया वारदात को अंजाम
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मौलाना अब्दुल हमीद के घर में घुसकर ट्रंक और बक्सों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण सहित नकदी लेकर फरार हो
Vaishali -: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया और शोर मचने पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गृहस्वामी की अनुपस्थिति का चोरों ने उठाया फायदा
घटना गणपतगंज वार्ड 3 की है, जहाँ मौलाना अब्दुल हमीद के घर में चोरी की यह वारदात हुई। घटना के समय अब्दुल हमीद अपने ससुराल गए हुए थे, जबकि घर में उनकी पत्नी तुलसुम खातून अकेली थीं। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और ट्रंक व बक्सों के ताले तोड़ दिए।
महिला के शोर मचाने पर बाड़ी के रास्ते भागे चोर
पीड़िता तुलसुम खातून के अनुसार, रात करीब दो बजे पानी लेने के लिए उनकी नींद खुली, तभी उन्हें घर के पीछे बाड़ी की ओर से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। जब वह पीछे गईं तो उन्होंने तीन लोगों को देखा। महिला द्वारा शोर मचाने पर तीनों चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। चोरों ने जाते-जाते घर के कपड़े और अन्य सामान बाड़ी में ही फेंक दिए।
लाखों के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ
पीड़िता ने बताया कि चोरों ने घर से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की है। चोरी गए सामानों की सूची इस प्रकार है: चांदी के लगभग 10 भरी का गले का हार, 10 भरी और 5 भरी की पायल, 2 भरी का कान का जेवर और 2 भरी की बलिया, 5 भरी का चनन हार और करीब 25 हजार रुपये नकद।
डायल 112 की टीम ने शुरू की जांच
चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस चोरों के भागने के रास्ते और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
लिखित आवेदन का इंतजार: थानाध्यक्ष
इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है, लेकिन अब तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही पीड़ित पक्ष द्वारा लिखित आवेदन दिया जाएगा, पुलिस कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करेगी।
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्रा