तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 16 माह के मासूम को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

सुपौल के सदर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 16 महीने के मासूम को कुचल दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को हिरासत में लिया है। पढ़ें पूरी दर्दनाक रिपोर्ट।

Supaul - : सदर थाना क्षेत्र के नेमुआ पंचायत (वार्ड 3) में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ईंट से लदे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खेल रहे महज 16 माह के मासूम बच्चे को कुचल दिया। इस हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद शमशेर के पुत्र मोहम्मद जमशेद के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की गति काफी अधिक थी। चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे मासूम बच्चे के ऊपर चढ़ गया। घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर को किया जब्त

घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक को भी हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद मासूम जमशेद के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जाए।

गांव में पसरा मातम

16 माह के मासूम की इस तरह हुई मौत से नेमुआ पंचायत में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर चालकों की मनमानी और ओवरलोडिंग के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।

Report - Vinay kumar mishra