राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता की सुपौल करेगा मेजबानी, छठ महापर्व के बाद होगा आयोजन

वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) की मेजबानी इस बार सुपौल को मिली है। इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी भाग लेंगी....

सुपौल जिले को मिली बड़ी जिम्मेवारी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में सुपौल जिले को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) की मेजबानी इस बार सुपौल को मिली है। इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी भाग लेंगी।


डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

प्रतियोगिता के सुचारू और भव्य आयोजन को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाहर से आने वाली खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और मैच आयोजन की विभिन्न तैयारियों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।


छठ महापर्व के बाद 18 से 21 नवंबर तक इंडोर स्टेडियम में होगा आयोजन

बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ महापर्व के उपरांत 18 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक सुपौल स्थित मल्टीपरपस इंडोर स्टेडियम में इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।


खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने आयोजन समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाली किसी भी खिलाड़ी को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए शिक्षा विभाग, खेल विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है।


सुपौल में खेल संस्कृति और बालिका सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के बड़े राज्य स्तरीय आयोजन से सुपौल में खेल संस्कृति को नया आयाम मिलेगा। इसके साथ ही जिले की खेल सुविधाओं और कुशल आयोजन क्षमता को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। यह प्रतियोगिता बालिका खिलाड़ियों के लिए अपना कौशल और आत्मविश्वास दिखाने का एक बेहतरीन मंच साबित होगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट