सुपौल में धूमधाम से मनाया गया नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का 14वां स्थापना दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी हुए सम्मानित
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के स्थापना के सोमवार को 14 साल पूरे हो गए। इस मौके पर सुपौल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को डीएम के हाथों सम्मानित किया गया.....
Supaul : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL), पटना का 14वां स्थापना दिवस विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल के डीसीआर भवन में हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सावन कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार तथा सहरसा विद्युत आपूर्ति अंचल के वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार ने शिरकत की। समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्युत कर्मियों को सम्मानित किया गया।
वृक्षारोपण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी के आगमन के बाद विद्युत आपूर्ति प्रमंडल परिसर स्थित वृक्ष वाटिका में पौधारोपण के साथ हुई। इसके पश्चात फीता काटकर और सभागार में दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन, राघोपुर के विद्युत कार्यपालक अभियंता धनंजय कुमार सिंह, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा सहित विभाग के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी सावन कुमार ने अपने हाथों से इन कर्मठ कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया, जिससे उपस्थित कर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर डीएम ने विद्युत परिवार को दी बधाई
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निरंतर और बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पूरे राज्य में 23 से 26 घंटे औसत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विद्युत परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी। साथ ही, विभागीय कर्मियों से भविष्य में भी इसी समर्पण, निष्ठा और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते रहने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से बिहार गीत के गायन के साथ हुआ।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट