बाबा श्री श्याम के जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ माहौल, निकाली गई भव्य निशान यात्रा

बाबा श्री श्याम के जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ माहौल- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बाबा श्री श्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को सुपौल शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। श्री श्याम परिवार की ओर से श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है, जिसे लेकर सुबह से ही पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।


मुख्य पार्षद के आवास से निकली निशान यात्रा, जयकारों से गूंज उठा शहर

जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 7:30 बजे नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव के निज आवास से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त शामिल हुए। भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते और बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। जगह-जगह भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, और नगर भ्रमण के उपरांत श्रद्धालुओं ने बाबा श्री श्याम को निशान अर्पित किया।


शाम में ज्योत पूजन और भजन संध्या का आयोजन, बाहर से पहुंचे कलाकार देंगे प्रस्तुति

कार्यक्रम के अगले चरण में जन्मोत्सव के मुख्य यजमान मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव की ओर से शाम 6 बजे बाबा का ज्योत पूजन प्रारंभ किया जाएगा। पूजन और आरती के बाद भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें कटिहार से पधारे भजन गायक धीरज सिंह राजपूत और कोलकाता से आईं भजन गायिका नेहा राजपूत बाबा के दरबार में भक्ति रस से सराबोर भजनों की प्रस्तुति देंगी। देर रात तक चलने वाले इस कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति संगीत के बीच बाबा की आराधना करेंगे।


रात 11 बजे आतिशबाजी के बीच केक काटकर मनाया जाएगा जन्मोत्सव

आयोजन का मुख्य आकर्षण रात 11 बजे बाबा श्री श्याम का जन्मोत्सव होगा, जब आकर्षक आतिशबाजी और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच केक काटकर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम परिवार, श्री श्याम नारायणी परिवार और श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी संचालन समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


विनय की रिपोर्ट