फोन आने के बाद घर से निकले युवक की, अगले दिन सड़क किनारे मिली लाश, परिजनों ने धारदार हथियार से हत्या का लगाया आरोप
Supaul : जिले के छातापुर थाना क्षेत्र स्थित उधमपुर वार्ड संख्या-5 के निवासी 21 वर्षीय सुरेश मंडल उर्फ रोहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई दर्दनाक हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक का शव अगले दिन प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया के समीप सड़क किनारे बरामद हुआ, जिससे परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी शोक और आक्रोश का माहौल है।
मंगलवार रात फोन आने के बाद घर से निकला था रोहिल
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे रोहिल अपने घर में खाना खा रहा था, उसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। कॉल अटेंड करने के तुरंत बाद वह घर से बाहर निकला लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा, तो परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई। बुधवार को तलाश के क्रम में उसका शव प्रतापगंज के गढ़िया के पास लावारिस हालत में पड़ा मिला।
धारदार हथियार से हत्या का आरोप, शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
मृतक के परिजनों का आरोप है कि रोहिल की किसी धारदार हथियार से गोदकर बर्बरतापूर्वक हत्या की गई है। शव पर कई स्थानों पर गहरे और गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हो गई है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा मामला, प्रेमिका और मां हिरासत में
घटना के कारणों को लेकर परिजनों ने बड़ा दावा किया है। परिजनों के अनुसार, रोहिल का प्रतापगंज थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी जारी थी। आरोप है कि इसी रिश्ते को लेकर रंजिश या साजिश के तहत उसकी हत्या को अंजाम दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवती और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
CDR और कॉल रिकॉर्ड्स की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मंगलवार रात अंतिम बार उसे फोन करके किसने बुलाया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की हर कोण से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट