डीएम ने निर्मली अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

सुपौल जिले में राजस्व कार्यों को गति देने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निपटारे को लेकर डीएम ने निर्मली अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से हड़कंप मचा गया....

डीएम ने निर्मली अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में राजस्व कार्यों को गति देने और आम जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार बेहद गंभीर हैं। इसी सिलसिले में बुधवार, 24 जून 2026 को जिलाधिकारी ने निर्मली अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक कार्यालय पहुंचने से वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न राजस्व एवं लोकहित से संबंधित कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की और ऑन-स्पॉट कई आवश्यक निर्देश दिए।


दाखिल-खारिज और परिमार्जन में देरी पर नाराजगी, एक सप्ताह का मिला अल्टीमेटम

जिलाधिकारी ने अंचल स्तर पर चल रहे राजस्व महा-अभियान, दाखिल-खारिज (Mutation), परिमार्जन और भूमि मापी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी। कई मामलों के निष्पादन में सुस्ती पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने अंचल अधिकारी (CO) और संबंधित कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि वे सभी लंबित मामलों की सूची तैयार करें और आगामी एक सप्ताह के भीतर उनका निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ किया कि आम लोगों को अपने ही काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।


भूमि विवाद कम करने के लिए समय पर भूमि मापी कराने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान भूमि मापी (Land Measurement) से जुड़े लंबित आवेदनों पर भी गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में होने वाले भूमि विवादों को न्यूनतम करने में समय पर मापी कार्य की बहुत बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने अमीन और राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मापी के जितने भी लंबित मामले हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए और अंचल स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग (निगरानी) की जाए।


राजस्व महा-अभियान और सहयोग शिविरों के आवेदनों पर त्वरित एक्शन

जिलाधिकारी ने प्रखंड और अंचल स्तर पर आयोजित होने वाले राजस्व महा-अभियान और विशेष सहयोग शिविरों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन विशेष शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी के सीधे तौर पर राजस्व सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है। इसलिए इन शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि सरकार की इस कल्याणकारी योजना का लाभ धरातल पर दिखे।


लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चेतावनी, दफ्तर आने वालों से बेहतर व्यवहार की नसीहत

डीएम ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति को भी देखा। उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर जनता के दैनिक जीवन से जुड़ा है, इसलिए कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले फरियादियों और आम लोगों के साथ गरिमापूर्ण एवं बेहतर व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट