Bihar News : सुपौल में तीन साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, घर के पीछे मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Bihar News : सुपौल के वीरपुर में रविवार शाम घर से अचानक लापता हुए बच्चे का शव सोमवार सुबह उसके घर के पीछे स्थित बांस की बाड़ी के पास से बरामद किया गया......पढ़िए आगे

लापता बच्चे का मिला शव - फोटो : VINAY

SUPAUL : जिले के वीरपुर में तीन साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से सनसनी फैल गई। रविवार शाम घर से अचानक लापता हुए बच्चे का शव सोमवार सुबह उसके घर के पीछे बांस की बाड़ी के पास मिला। मृतक की पहचान हृदयनगर पंचायत के सीतापुर वार्ड संख्या 13 निवासी रुपेश भिंडवार के इकलौते पुत्र सिद्धार्थ के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ दहशत का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक सिद्धार्थ रविवार शाम करीब चार बजे अचानक घर से लापता हो गया था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने वीरपुर पुलिस को इसकी सूचना दी।

सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर के पीछे बांस की बाड़ी के पास सिद्धार्थ का शव बरामद हुआ। शव के पास लाल रंग की रस्सी भी मिली। रस्सी मिलने के बाद परिजनों ने बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे की परिजन रातभर तलाश कर रहे थे, सुबह उसका शव मिलने से परिजन सदमे में हैं। सिद्धार्थ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता रुपेश भिंडवार किसान हैं।

सूचना मिलने पर वीरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट