Bihar News: 2 शादियां, 20 दिन के बच्चे को बेचा! अब दिल्ली से बिहार लौटते ही 'नशेबाज' महिला के साथ दिल दहलाने वाला कांड
Bihar News: बिहार के वैशाली से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने 2 शादियां की थी और अपने 20 दिन के बच्चे को दो लाख में बेच दिया था उसकी संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां सुबह में दिल्ली से लौटी महिला का देर शाम घर में शव मिला। संदिग्ध शव मिलने के कारण इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पुरखौली गांव की है। जानकारी अनुसार बबली देवी का शव उनके घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि मृतका अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी और गुरुवार सुबह ही अकेले गांव लौटी थी। लेकिन उसी दिन शाम को उसकी मौत की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
महिला की संदिग्ध मौत
सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, महिला की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की गोतनी ने पुलिस को बताया कि घर में खुले बिजली के तार के संपर्क में आने से हादसा हुआ हो सकता है।
दो शादियों और शराब के नशे में मारपीट का आरोप
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि महिला की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी गांव के ही एक व्यक्ति से हुई थी, जबकि बाद में उसने अपने रिश्ते में देवर से दूसरी शादी कर ली थी। पारिवारिक संबंधों को लेकर भी हाल के दिनों में तनाव की बात सामने आ रही है। महिला के तीन बच्चे हैं एक पहली शादी से और दो दूसरी शादी से। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, खासकर इस बात को लेकर कि सुबह दिल्ली से लौटने के कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत कैसे हो गई।
करंट लगने से मौत
इस संबंध में थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वहीं महिला की गोतनी ने इस मामले में हैरान कर देने वाला बयान दिया है। मृतका की गोतनी ने कहा कि, महिला सुबह सुबह ही दिल्ली से आई थी और खाना खाने के बाद अपने कमरे में आराम करने गई थी। उसने बताया कि महिला बहुत कांप भी रही थी। तबीयत ठीक नहीं होने का कहकर वो सोने चली गई।
2 लाख में 20 दिन के बच्चे को बेचा
उन्होंने आगे बताया कि, जब देर शाम तक नहीं उठी तो उनकी मां कमरे में गई लेकिन वहां महिला मृत मिली। मृतका की गोतनी ने बाताया कि महिला बहुत शराब पीती थी और बच्चों के साथ मारपीट भी करती थी। नशा करती थी। अपने बच्चे को 2 लाख रुपए में बेच दी थी। एक अन्य शख्स ने बताया कि महिला ने जब उसका बच्चा 20 दिन का था तभी उसे 2 लाख में बेच दिया था। वहीं अब पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट