वैशाली में दिन-दहाड़े चाकू से गोदकर 55 वर्षीय अधेड़ की हत्या : जमीनी विवाद में हत्या की आशंका, अपनों पर आरोप

वैशाली जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक 55 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से गोदकर सरे बाजारा हत्या कर दी गई है। परिजनों ने अपने ही चाचा और चचेरे भाइयों पर जमीन विवाद मे घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है....

दिन-दहाड़े चाकू से गोदकर 55 वर्षीय अधेड़ की हत्या - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खरौना गांव (वार्ड संख्या-01) निवासी 55 वर्षीय रामबाबू सिंह (पिता- स्वर्गीय बासवान भगत) की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, रामबाबू सिंह मंगलवार को अपने घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए स्थानीय बाजार निकले थे। इसी दौरान लालगंज बाईपास रोड स्थित सब्जी मंडी के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


शरीर पर मिले गंभीर जख्म के निशान 

बदमाशों द्वारा किए गए इस अचानक हमले में रामबाबू सिंह के कलेजे, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे और गंभीर जख्म के निशान पाए गए हैं। सरेराह हुई इस वारदात के बाद से ही स्थानीय सब्जी मंडी और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और पूरी घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


जमीनी विवाद में हत्या की आशंकाअपनों पर आरोप 

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने प्राथमिक आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि इस हत्या के पीछे पुराना जमीनी विवाद हो सकता है। उन्होंने अपने ही चाचा और चचेरे भाई पर साजिश रचकर हत्या करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


लालगंज पुलिस ने शुरू की मामले की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लालगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष हरिप्रसाद राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


सीसीटीवी और साक्ष्यों की मदद से तलाश जारी 

प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाकर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


रिषभ की रिपोर्ट