ट्रांसपोर्ट एजेंसी से 800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
Vaishali : जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा, जिसकी पहचान जहानाबाद जिले के निवासी के रूप में की गई है।
बाजार समिति के पास चल रहा था अनलोडिंग का खेल
नगर थाना क्षेत्र के जढुआ ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाजार समिति के समीप स्थित एसपीएस (SPS) ट्रांसपोर्ट एजेंसी में ट्रक से कफ सिरप की खेप पिकअप पर उतारी जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) के साथ एक विशेष टीम का गठन किया। जब विशेष पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट एजेंसी पर अचानक दबिश दी, तो वहाँ पिकअप वैन पर प्रतिबंधित सिरप के कार्टन लोड किए जा रहे थे।
लाखों रुपये मूल्य का 800 लीटर सिरप जब्त
पुलिस टीम ने मौके से पिकअप गाड़ी सहित लगभग 800 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त कर लिया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, छापेमारी की भनक मिलते ही तीन अन्य तस्कर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी पहचान कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नशे के खिलाफ वैशाली पुलिस का अभियान जारी
गौरतलब है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद वैशाली और आसपास के इलाकों में नशे के विकल्प के रूप में कोडीन युक्त सिरप का इस्तेमाल बढ़ गया है, जिससे इसकी तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और इसके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
रिषभ की रिपोर्ट