वैशाली में तेज रफ्तार कार ने जुगाड़ गाड़ी को ठोका, चालक की मौत, 3 घायल
Vaishali : जिले में रफ्तार के कहर ने एक 18 वर्षीय युवक की जान ले ली। वहीं इस घटना में 3 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के अस्पताल मे भर्ता कराया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में महनार-हाजीपुर मुख्य पथ पर एक तेज रफ्तार कार ने मशीन ठेले को टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 वर्षीय ठेला चालक गुड्डू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ठेले पर सवार तीन अन्य मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मृतक गुड्डू कुमार चांदपुरा नान्हकार, देसरी थाना क्षेत्र का निवासी था। वह आनरजीत पासवान का पुत्र था। वह पिछले दो साल से टेंट संचालक के यहां काम कर रहा था। वहीं घायल मजदूरों की पहचान लिपू पासवान, राम कुमार और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है। सभी देवनाथ पासवान के पुत्र हैं। ये सभी बिदुपुर के मधुरापुर में टेंट का काम करने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना मथुरा धर्मकांटा के पास हुई। ठेला चालक गुड्डू कुमार सड़क किनारे अपना ठेला खड़ा कर उसकी चेन चढ़ा रहा था। इसी दौरान महनार की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने ठेले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ठेले पर टेंट के काम के लिए बांस लादे हुए थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेला लगभग 100 मीटर दूर जाकर पलट गया। कार भी एक पेड़ से जा टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक की पहचान बिहवारपुर गांव निवासी मनोज पटेल के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल से एक शादी समारोह से लौटकर अपने घर बिहवारपुर जा रहा था। कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक मनोज पटेल को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिषभ कुमार की रिपोर्ट