लालगंज बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर : दुर्गापूजा को लेकर बड़े पैमाने पर हटाया गया अतिक्रमण, मचा हड़कंप

पर्व के मौके पर जाम की स्थिति से निपटने को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई शुरु कर दी है। वैशाली जिले के लालगंज बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की है। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया....

लालगंज बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज बाजार में आगामी दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता को भीषण जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। नगर परिषद द्वारा बाजार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिसके तहत बुलडोजर की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।


गांधी चौक से तीनपुलवा चौक तक प्रशासनिक एक्शन

बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के तीनपुलवा चौक पहुंचते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे अवैध कब्जा कर दुकानें सजाने वाले दुकानदार तुरंत अपने सामान समेटने लगे, जबकि कई दुकानदारों ने प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए खुद ही अपनी दुकानों के आगे बने अवैध छज्जे और सीढ़ियां तोड़नी शुरू कर दीं। यह पूरा अभियान गांधी चौक से लेकर तीनपुलवा चौक तक चलाया गया।


अवैध निर्माण और सड़क किनारे रखी सामग्री जब्त

इस अभियान के दौरान मुख्य सड़क पर किए गए तमाम अवैध निर्माण, दुकानों के बढ़े हुए हिस्से, सीढ़ियों और छज्जों को बुलडोजर से हटाया गया। साथ ही, सड़क किनारे अवैध रूप से गिराकर रखे गए बालू और अन्य निर्माण सामग्रियों को भी प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सड़कों को चौड़ा करना और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाना है।


अधिकारियों का नेतृत्व और शांतिपूर्ण संचालन

यह अतिक्रमण हटाओ अभियान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया कुमार, बीडीओ सुजीत कुमार और लालगंज थानाध्यक्ष सुभाष कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संचालित किया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली, लेकिन पुलिस बल और प्रशासनिक टीम की मुस्तैदी के चलते पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।


रिषभ की रिपोर्ट