Bharat Gaurav Train: बिहार के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का बड़ाऑफर, इन शहरों से- इस दिन चलेगी भारत गौरव ट्रेन, 4 ज्योतिर्लिंग-साईं दर्शन के साथ एलोरा गुफा की करें सैर,पैकेज में क्या-क्या मिलेगा? पढ़िए
Bharat Gaurav Train: अगर आप एक ही सफर में देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों, शिरडी के साईं बाबा और ऐतिहासिक एलोरा की गुफाओं का दर्शन करना चाहते हैं, तो IRCTC की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन आपके लिए खास मौका लेकर आ रही है।
Bharat Gaurav Train: बिहार के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा से जुड़ी बड़ी खबर है। अगर आप एक ही सफर में देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों, शिरडी के साईं बाबा और ऐतिहासिक एलोरा की गुफाओं का दर्शन करना चाहते हैं, तो IRCTC की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन आपके लिए खास मौका लेकर आ रही है। 1 सितंबर 2026 से 8 रात और 9 दिन की धार्मिक यात्रा शुरू होगी।इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC की ओर से ‘ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के पैकेज कोड EZBG-32 के तहत यह यात्रा 1 सितंबर को बेतिया से शुरू होगी। इस सफर में बिहार के श्रद्धालुओं को कई प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने की योजना है।
इस धार्मिक यात्रा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि श्रद्धालुओं को एक ही टूर पैकेज में चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा के दौरान उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, नासिक के त्र्यंबकेश्वर और छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।इसके साथ ही श्रद्धालुओं को महाराष्ट्र स्थित शिरडी में साईं बाबा के दर्शन का भी मौका मिलेगा। धार्मिक यात्रा के साथ ऐतिहासिक विरासत को जोड़ते हुए पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध एलोरा गुफाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा।यानी एक ही पैकेज में श्रद्धालु ज्योतिर्लिंग दर्शन, साईं बाबा के दर्शन और ऐतिहासिक धरोहर की सैर का आनंद ले सकेंगे।
IRCTC के अनुसार भारत गौरव ट्रेन में अलग-अलग श्रेणियों में सीट उपलब्ध कराई गई है। फिलहाल इकोनॉमी क्लास में 120 सीट और स्टैंडर्ड क्लास में 40 सीट उपलब्ध बताई गई हैं। वहीं, कंफर्ट क्लास की सीटें फिलहाल बुक बताई गई हैं।यात्रा का शुल्क प्रति व्यक्ति श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रखा गया है। स्लीपर क्लास का किराया 18,160 रुपये, 3rd AC का 32,550 रुपये और 2nd AC का 39,425 रुपये प्रति व्यक्ति बताया गया है।
IRCTC ने इस धार्मिक यात्रा को ऑल-इंक्लूसिव पैकेज के तौर पर तैयार किया है। इसका मतलब है कि यात्रियों को यात्रा के दौरान कई जरूरी सुविधाओं के लिए अलग से व्यवस्था नहीं करनी होगी।पैकेज में रेल यात्रा के साथ ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, निर्धारित दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, ऑनबोर्ड सुरक्षा, यात्रा बीमा और IRCTC की आतिथ्य सेवाएं शामिल हैं।इससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग जगहों पर होटल, वाहन और स्थानीय यात्रा की व्यवस्था करने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
इस यात्रा की खास बात यह भी है कि ट्रेन का बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग बिहार के कई प्रमुख शहरों से रखा गया है। श्रद्धालु बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा और बक्सर से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।इसके अलावा दीन दयाल उपाध्याय और प्रयागराज छिवकी से भी यात्रियों के लिए बोर्डिंग की सुविधा रखी गई है।इस व्यवस्था से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले श्रद्धालुओं को अपने नजदीकी स्टेशन से यात्रा शुरू करने का विकल्प मिलेगा।
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की यह यात्रा 8 रात और 9 दिन की होगी। धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ यात्रियों को पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखने का अवसर भी मिलेगा।अगर आप परिवार के साथ ज्योतिर्लिंग दर्शन और शिरडी साईं बाबा के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो 1 सितंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। खासकर बिहार के श्रद्धालुओं के लिए कई बोर्डिंग स्टेशन होने से यात्रा की शुरुआत भी अपेक्षाकृत आसान होगी।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार